- Hindi News
- परिवार वाले शोक जताने गए थे, पीछे से चोरी हो गई
परिवार वाले शोक जताने गए थे, पीछे से चोरी हो गई
नगर संवाददाता - हनुमानगढ़
जिला मुख्यालय पर बढ़ रही चोरी की वारदात से लोगों में आक्रोश है। जंक्शन पुलिस थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड में दिन में चोर मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। यह घटना सोमवार की बताई जा रही है। परिजनों को इसकी जानकारी रात को मिली, जब वे घर पर आए। इस संबंध में जंक्शन पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हाउसिंग बोर्ड के कार्तिक पुत्र त्रिलोकीनाथ शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसकी दादी का 22 जनवरी को देहांत हो गया था। उसकी दादी चाचा के घर सेक्टर 12 में रहती थी। वे सभी प्रतिदिन वहां बैठने जाते थे। सोमवार को भी वे सुबह मकान में ताला बंद करके वहां गए हुए थे। पीछे से कोई अज्ञात व्यक्ति मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गया और अलमारी में से दस तोला सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण व आठ हजार रुपए लेकर फरार हो गया। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब वे रात को वापस अपने घर पर आए।