- Hindi News
- सुबह ८.५५ बजे हनुमानगढ़ से, ९.४३ बजे सादुलशहर से श्रीगंगानगर के लिए रवाना होगी
सुबह ८.५५ बजे हनुमानगढ़ से, ९.४३ बजे सादुलशहर से श्रीगंगानगर के लिए रवाना होगी
फोटो-
नगर संवाददाता हनुमानगढ़. हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे ट्रेन लेकर श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुए ड्राइवर गुरमेल सिंह और गार्ड मांगीलाल शर्मा का लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। लोगों के चेहरों पर खुशी नजर आई। गार्ड ने हरी झंडी दिखाई और ट्रेन व्हीसल के साथ जंक्शन के एक नंबर प्लेटफॉर्म से रवाना हो गई। इस मौके पर उपसभापति कालूराम शर्मा, पूर्व पार्षद रामसिंह सिद्धू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमर सिंह राठौड़, विजय कौशिक, किशन पुरोहित, कविंद्र राठौड़, सोम अग्रवाल, राजेंद्र चौधरी, रामपाल सहित कई लोगों ने एक साथ ही गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शाम को जब ट्रेन श्रीगंगानगर से वापस हनुमानगढ़ पहुंची तो जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी ((जेडआरयूसीसी)) ने विरोध जताते हुए ट्रेन को काले झंडे दिखाए। लोगों ने साधारण पैसेंजर ट्रेन जल्द चलाने की मांग की।
ड्राइवर ने कहा- यह खुशी का समय
ड्राइवर गुरमेल ने कहा कि यह खुशी का समय है कि यहां से ब्रॉडगेज गाड़ी चलेगी। मेरे लिए भी फक्र की बात है कि मैं इस गाड़ी को ड्राइव कर रहा हूं। आम लोगों के अलावा अधिक फायदा रेलवे कर्मचारियों को भी होगा, जो बसों में सफर करने को मजबूर थे।
श्रीगंगानगर के लिए 37 यात्रियों ने किया पहले दिन सफर
हनुमानगढ़ से श्रीगंगानगर के लिए चली ट्रेन में पहले ही दिन 37 यात्रियों ने श्रीगंगानगर और सादुलशहर के लिए सफर किया। इसमें तीन यात्री सादुलशहर और 30 यात्री श्रीगंगानगर गए। यात्री हरीराम ने बताया कि खुशी की बात है अब श्रीगंगानगर के लिए ट्रेन चली है। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन का किराया अधिक है, इसलिए रेलवे को पैसेंजर ट्रेन चलानी चाहिए।