आईओए चुनाव में सात मतदाता राजस्थान के
खेल संवाददाता - जयपुर
भारतीय ओलिंपिक संघ ((आईओए)) के नौ फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो जाएगी। 25 जनवरी तक नामांकन भरे जाएंगे और इसी दिन उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। 30 जनवरी को इनकी जांच होगी और अगले दिन अंतिम सूची जारी होगी। एक व दो फरवरी को नामांकन वापस लिए जाएंगे।
चुनाव अधिकारी ने मंगलवार को 175 मतदाताओं की सूची जारी कर दी। राजस्थान के कुल सात व्यक्ति विभिन्न खेल संघों से मतदाता सूची में हैं, जो इन चुनाव में वोट डालेंगे। राजस्थान से अभिषेक मटोरिया ((बॉक्सिंग)), मनमोहन जायसवाल ((जूडो)), डॉ. मृदुल भदौरिया ((कबड्डी)), धनराज चौधरी ((टेबल टेनिस)), रामावतार सिंह जाखड़ ((वॉलीबॉल)) विभिन्न खेल महासंघों का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं राज्य ओलिंपिक संघ की ओर से जनार्दन गहलोत व राजेंद्र शेखर चुनाव में भाग लेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार ये चुनाव आईओसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार होंगे। हर उम्मीदवार को अपने नामांकन के साथ अपनी उम्र के संबंध में कागजात देने होंगे, क्योंकि 70 वर्ष से अधिक के व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इसी तरह एक अंडरटेकिंग फॉर्म देना होगा, जिसमें यह लिखा होगा कि उम्मीदवार नामांकन के समय तक किसी भी आपराधिक मामले में दोषी नहीं है।
अभय चौटाला भी उतारेंगे पैनल
निलंबित आईओए के अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला भले ही इन चुनाव में भाग नहीं ले सकते, लेकिन वे अपना पैनल इन चुनाव में उतारेंगे। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात को चौटाला के नई दिल्ली स्थित आवास पर उनके समर्थक खेल संघों की मीटिंग हुई। उस मीटिंग में चौटाला को पैनल तय करने के लिए अधिकृत किया गया।