- Hindi News
- कुएं में न कूदें, खूब पढ़ें, सदन की गरिमा रखें : मेघवाल
कुएं में न कूदें, खूब पढ़ें, सदन की गरिमा रखें : मेघवाल
भास्कर न्यूज - जयपुर
सदन ने बुधवार को सर्वसम्मति से कैलाश मेघवाल को विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया। पद संभालते ही मेघवाल ने स्पष्ट किया कि वे अब किसी एक पार्टी के सदस्य नहीं सदन के अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। इसलिए न तो विपक्ष कम संख्या होने पर चिंतित हो और न ही पक्ष अपनी ज्यादा संख्या का फायदा उठाने की कोशिश करे। ऐसे में चाहे पक्ष या विपक्ष का कोई भी विधायक हो, वे विधायी कार्यवाही का पूरा सम्मान करेंगे। प्रदेश नई करवट लेने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वे कई तरह की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए आशान्वित है। यह सदन इन अपेक्षाओं तथा आकांक्षाओं की पूर्ति का साधन बने, यही लक्ष्य हो।
अध्यक्ष की व्यवस्था पर कहा
ब्रिटेन में कहा जाता है- द स्पीकर इज वन हू स्पीक्स मिनिमम। यानी यदि सदस्य विचार रखते समय सदन संचालन की प्रक्रिया, नियम, उपनियम, परंपरा और दिशा-निर्देशों का ठीक से पालन करते हैं, तो आसन की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं किया जाता। अवहेलना होने अथवा पालना नहीं होने की स्थिति में ही स्पीकर हस्तक्षेप को बाध्य होता है।