पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पोलो में नहीं थम रहा खिलाडिय़ों के चोटिल होने का सिलसिला

पोलो में नहीं थम रहा खिलाडिय़ों के चोटिल होने का सिलसिला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर। जयपुर पोलो सत्र में खिलाडिय़ों के घोड़ों से गिरकर चोटिल होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। भवानी सिंह कप में बुधवार को कैवेलरी मैदान पर हुए मैच के दौरान हैदराबाद चौगान के समीर चौधरी गिर पड़े। उनके कंधे में चोट लगी है। इस कारण उन्होंने पोलो कंपनी के खिलाफ मैच का अंतिम चक्कर नहीं खेला। वे गेंद पर नियंत्रण के प्रयास में गोल पोस्ट से टकरा गए थे। हालांकि समीर को कोई फ्रेक्चर नहीं है। लगातार दो दिन से हो रही बारिश के कारण मैदान पर भी कुछ फिसलन है।


उनके स्थान पर अर्जुन पाटिल को उतारा गया। मौजूदा सत्र में अब तक पांच खिलाड़ी मैच के दौरान चोटिल हो चुके हैं। समीर से पहले अधिराज सिंह, सचिन, अश्विन और गौरव सहगल भी घोड़े से गिर पड़े थे। अधिराज के दांतों को नुकसान पहुंचा और इलाज के लिए उन्हें दिल्ली लौटना पड़ा।


हैदराबाद पर भारी पड़े पोलो कंपनी के डोनली

कैवेलरी ग्राउंड पर विदेशी खिलाड़ी नियाल डोनली के चार गोलों की मदद से द पोलो कंपनी ने हैदराबाद चौगान को 8-7.5 से हराया। डोनली के अलावा पोलो कंपनी के लिए उदय कलान ने दो तथा योगेश्वर सिंह व अंकुर मिश्रा ने एक-एक गोल किया। हैदराबाद चौगान को 1.5 गोल की शुरुआती बढ़त हासिल थी, लेकिन उसके खिलाड़ी इसका फायदा नहीं उठा सके। टीम के लिए पांच गोल के बशीर अली ने तीन गोल किए, जबकि सचिन सरबालिया दो तथा समीर चौधरी एक गोल करने में सफल रहे।

कैवेलरी की जीत में रवि के सात गोल
चार गोल हैंडीकैप के रवि राठौड़ और विशाल चौहान के शानदार खेल से कैवेलरी ने भवानी सिंह पोलो कप में खेतान पोलो टीम को 14-6.5 से मात दी। रामबाग पोलो ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में रवि राठौड़ ने हैट्रिक सहित टीम के लिए सर्वाधिक सात गोल किए। वहीं विशाल चौहान भी हैट्रिक सहित पांच गोल दागने में सफल रहे। टीम के लिए एनएस संधू ने दो गोल किए। दूसरी ओर 2.5 गोल की बढ़त के साथ मैदान में उतरी खेतान पोलो टीम के लिए अकेले मनुपाल गोदारा ही सफल रहे। गोदारा ने हैट्रिक सहित चार गोल दागे।