- Hindi News
- पुरस्कृत कलाकारों की कृतियां शामिल होंगी
पुरस्कृत कलाकारों की कृतियां शामिल होंगी
सिटी रिपोर्टर जयपुर
राजस्थान ललित कला अकादमी के वार्षिक कला मेले की तैयारियां अंतिम चरणों में हैं। समारोह के संयोजक चित्रकार डॉ.नाथू लाल वर्मा ने बताया कि ७ से ११ फरवरी तक जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में आयोजित होने वाले इस मेले के लिए प्रदेश के विभिन्न भागों से कलाकारों के आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। पहले यह मेला 25 से 30 दिसंबर तक आयोजित किया जाना था किंतु सरकारी अनुदान राशि समय पर नहीं मिलने की वजह से इसका आयोजन फरवरी में निर्धारित किया गया। वर्मा ने बताया कि इस बार मेले की गुणवत्ता में इजाफा करने की दृष्टि से चयन प्रक्रिया को पिछले वर्षों के मुकाबले थोड़ा कठिन किया गया है। इस बार राज्य स्तर पर पुरस्कृत कलाकारों की कृतियों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ऐसी कृतियां जो कलात्मक दृष्टि से बेहतर हैं किंतु किन्हीं कारणों से पुरस्कृत नहीं हो पाई हैं को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
ये हैं चयन समिति के सदस्य
अंतिम तिथि तक प्राप्त आवेदनों की उनकी कलाकृतियों के आधार पर छंटनी की जाएगी। चयन समिति में नाथू लाल वर्मा के अतिरिक्त चित्रकार सुब्रतो मंडल, लालचंद मारोठिया, डॉ. जगमोहन माथोडिय़ा, श्वेत गोयल और मूर्तिकार सुमन गौड़ को शामिल किया गया है।
110 स्टॉल्स में होगा प्रदर्शन
मेला परिसर में 110 स्टॉल्स में प्रदेश के एक हजार से भी अधिक चित्रकार और मूर्तिकार भाग लेंगे। इस बार कला मेले में कलाकृतियों की बिक्री पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए आर्ट कलेक्टर्स, होटल इंडस्ट्री, इंटीरियर डेकोरेटर्स और स्कूल कॉलेजों को इसमें इनवाइट कर कलाकृतियों की खरीद के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही मेले में व्यक्तिगत प्रोत्साहन पुरस्कार भी अधिक से अधिक संख्या में जुटाने की कोशिश की जा रही है।