- Hindi News
- घूमने आया था, दोस्त के साथ प्रॉपर्टी डीलर की बीएमडब्ल्यू कार छीनी
घूमने आया था, दोस्त के साथ प्रॉपर्टी डीलर की बीएमडब्ल्यू कार छीनी
जयपुर - हनुमानगढ़ से जयपुर घूमने आया युवक बुधवार देर रात दोस्त के साथ मिलकर अजमेर रोड डीसीएम पर एक प्रॉपर्टी कारोबारी से मारपीट कर उसकी बीएमडब्ल्यू कार छीन ले गया। प्रॉपर्टी कारोबारी पवन अग्रवाल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नाकाबंदी कर एक घंटे में दोनों आरोपियों को गंगा-जमुना पेट्रोल पंप के पास गिरफ्तार कर उनसे कार बरामद कर ली। आरोपी हनुमानगढ़ निवासी सत्येन्द्र नयोल और अभिषेक भादू हैं।
थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि रामपथ श्यामनगर में रहने वाले पवन अग्रवाल डीसीएम अजमेर रोड पर परिचित की शादी में जा रहे थे। बुधवार रात 11.30 के दौरान पवन जब डीसीएम पर कार रोककर किसी परिचित को फोन करने के लिए नीचे उतर गए। इस दौरान पीछे से स्कोडा कार में सत्येन्द्र व अभिषेक आए। दोनों की पवन से साइड नहीं देने की बात को लेकर कहासुनी हो गई।
दोनों आरोपियों ने पवन से मारपीट कर दी और उनसे चाबी छीन ली। इसके बाद सत्येन्द्र पवन को धक्का देकर उनकी बीएमडब्ल्यू कार को लेकर भाग गया, जबकि स्कोडा कार को अभिषेक वहां से चलाकर ले गया। पीडि़त ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कराई। रात 1 बजे के लगभग सत्येन्द्र कार से गंगा-जमुना पेट्रोल पंप की तरफ से गुजर रहा था। इस दौरान पुलिस ने कार को रोककर सत्येन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। सत्येन्द्र से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर उससे कार बरामद कर ली। सत्येन्द्र खेती का काम करता है, जबकि अभिषेक ठेकेदारी का काम करता है।