- Hindi News
- विधानसभा चुनाव में ईवीएम में कोई खराबी नहीं थी : सीईओ
विधानसभा चुनाव में ईवीएम में कोई खराबी नहीं थी : सीईओ
जयपुर - विधानसभा चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को लेकर लगे गड़बड़ी के आरोपों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक जैन ने खारिज कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा चुनावों में हार के बाद ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। जैन का कहना है कि ईवीएम की जांच करवाई गई, लेकिन कोई खराबी सामने नहीं आई। लोकसभा चुनाव के लिए 27 जनवरी से ईवीएम की फस्र्ट लेवल चेकिंग शुरू की जाएगी और फरवरी में अधिकारियों को चुनाव प्रशिक्षण दिया जाएगा। चुनावों में वीडियोग्राफी के अच्छे नतीजों को देखते हुए निर्वाचन विभाग लोकसभा चुनावों में इनकी संख्या बढ़ाएगा। जैन गुरुवार को सचिवालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
छह लाख नव मतदाता को मिलेंगे फोटो पहचान पत्र
विभाग 25 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रदेश में 6 लाख नवमतदाताओं को फोटो पहचान पत्र और बैजेज देकर सम्मानित करेगा। इसके लिए 34500 मतदान केंद्रों पर समारोह आयोजित होंगे। इस अवसर पर ओटीएस में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसकी मुख्य अतिथि राज्यपाल मारग्रेट आल्वा होंगी।