- Hindi News
- नाहरगढ़ पहाड़ी पर बाइक फिसली, छात्र की मौत
नाहरगढ़ पहाड़ी पर बाइक फिसली, छात्र की मौत
जयपुर - नाहरगढ़ पहाड़ी पर जयगढ़ मोड़ के समीप गुरुवार शाम तेज रफ्तार एक बाइक घुमावदार मोड़ पर असंतुलित होकर घाटी में गिर गई। इससे बाइक सवार प्रतियोगी छात्र की जान चली गई, जबकि उसका साथी इंजीनियरिंग छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे का शिकार अनिल ((22)) अलवर जिले में गांव रेणी के रहने वाले रामकिशोर मीणा का बेटा था। अनिल के बड़े भाई आनंद विहार, रेलवे कॉलोनी जगतपुरा में रहते हंै। वह बुधवार को ही जयपुर आया था। इससे पहले भी यहां काफी हादसे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक वन विभाग ने यहां दीवार का निर्माण नहीं कराया।
गुरुवार दोपहर को वह भुसावर, भरतपुर के रहने वाले अपने साथी दिनेश मीणा ((23)) के साथ बाइक लेकर घूमने निकला था। इस बीच वे नाहरगढ़ पर चले गए। वहां से लौटते वक्त हादसा हो गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक को निकलवा गया। इससे पहले दोनों गंभीर घायलों को एंबुलेंस से एसएमएस अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने बताया कि वे एसएमएस अस्पताल से सूचना मिलने पर पहुंचे। उन्हें दोनों दोस्तों के किले पर जाने का पता नहीं था।
थानाप्रभारी गोदारा ने बताया कि इससे पहले इसी मोड़ पर कई और सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बड़े घुमाव पर तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाते हंै। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने दुर्घटना संभावित मोड़ के दो बोर्ड भी लगा रखे हैं। हादसों को रोकने के लिए थाने के द्वारा वन विभाग और जेडीए को पत्र लिखकर मोड़ पर दीवार बनाने की बात से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।