पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आशियाना इन विधायकों का, तय कर गए पिछले स्पीकर

आशियाना इन विधायकों का, तय कर गए पिछले स्पीकर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विशेष संवाददाता - जयपुर
राज्य विधानसभा की गृह समिति गुरुवार को नए विधायकों के आवास तय करने लगी तो यह जानकर हैरान रह गई कि कुछ ने पहले ही अच्छे आवास आवंटित करवा लिए हैं। बाकी आवास तो समिति ने रद्द कर दिए, लेकिन जिन ४ आवासों के लिए पिछले विधानसभा अध्यक्ष ने पत्र जारी किए थे, उन्हें नियमित कर दिया। ये विधायक हैं घनश्याम तिवाड़ी, गोपाल जोशी, ओटाराम देवासी और मोहनलाल गुप्ता।
पूर्व विधानसभाध्यक्ष दीपेंद्रसिंह शेखावत ने कहा, मैंने उन्हीं नियमों के तहत ये आवास आवंटित किए, जिनके तहत 12वीं विधानसभा की अध्यक्ष सुमित्रासिंह ने 13वीं विधानसभा के कुछ सदस्यों के आवास आवंटित कर दिए थे। विधानसभा के नियमों के जानकारों का कहना है कि प्रोटेम स्पीकर के कार्यभार ग्रहण करने तक पिछले विधानसभा अध्यक्ष को पूरे अधिकार होते हैं।
मौजूदा गृह समिति के सदस्य श्रीचंद कृपलानी ने कहा, हां, कुछ मकानों का मामला था, लेकिन जिन चार के लिए पत्र जारी किए गए थे, उन्हें सम्मानपूर्वक मान लिया गया है।

ये मकान
कौन से हैं?
मोहनलाल गुप्ता ने जालूपुरा में वह मकान आवंटित करवाया है, जिसमें पिछली बार राधेश्याम गंगानगर रहते थे। यह मकान राजेंद्रसिंह राठौड़ के पास भी रह चुका है। घनश्याम तिवाड़ी ने जालूपुरा में ही पूर्व संसदीय सचिव राजेंद्र विधूड़ी वाला आवास आवंटित करवाया है। तिवाड़ी इस आवास में काफी पहले रह चुके हैं। जोशी और देवासी के आवास भी कुछ बेहतर सुविधाओं वाले हैं।
इन आवासों पर है सबकी नजर
पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक रघु शर्मा, पूर्व संसदीय सचिव ममता भूपेश, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रामनारायण मीणा आदि के आवासों पर सबकी नजर रही है। इनके अलावा ज्यादातर विधायक विधानसभा के पश्चिमी द्वार के सामने और पूर्वी साइड वाले आवासों को पसंद करते हैं, क्योंकि विधानसभा चलते समय यहां से ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ता।