आरडीएसओ टीम ने देखा मेट्रो ट्रैक
भास्कर न्यूज - जयपुर
रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन ((आरडीएसओ)) के डायरेक्टर जनरल रामचंद्रन ने जयपुर मेट्रो की कार्यप्रणाली और गति को देश की अन्य मेट्रो से बेहतर बताया है। वे चार एक्सपर्ट अफसरों के साथ गुरुवार को जयपुर मेट्रो के ट्रैक पर पहुंचे और मानसरोवर मेट्रो स्टेशन से रेलवे स्टेशन तक ट्रैक का निरीक्षण किया।
ट्रैक पर ट्रेन के संचालन से पहले आरडीएसओ टीम ही ओसिलेशन ट्रायल करेगी। इसमें करीब एक माह लगेगा। ट्रायल के लिए टीम फरवरी के दूसरे सप्ताह में आएगी। गुरुवार को इसकी प्राथमिक विजिट थी। डायरेक्टर जनरल ने मेट्रो स्टेशन पर सभी तकनीकी पक्षों को देखा। उन्होंने वहां मौजूद उपकरणों को फायर प्रूफ रखने संबंधी सवाल भी किए। इसके बाद वे डबल ट्रैक पर बने सिविल लाइंस स्टेशन के प्लेटफॉर्म पहुंचे। इसे देख वे खासे रोमांचित हुए।
रामचंद्रन ने भास्कर को बताया कि जयपुर मेट्रो टीम न केवल गति में अन्य मेट्रो से आगे हंै, बल्कि नई सोच के साथ काम कर रही है। मल्टीमॉडल काम का इससे बढिय़ा उदाहरण देश में नहीं है। यहां अलग हटकर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और मेट्रो स्टेशन से रेलवे स्टेशन को जोडऩे वाले स्काई वॉक नए प्रयोग हैं। उनके साथ मौजूद जयपुर मेट्रो के सीएमडी निहालचंद गोयल ने बताया कि हम ओसीलेशन ट्रायल के लिए तैयार हैं।
जिस दिन टीम आएगी, ट्रायल प्रक्रिया शुरू कर सकती है।