- Hindi News
- टाउन हॉल म्यूजियम : पहले ही कछुआ चाल से चल रहा था काम
टाउन हॉल म्यूजियम : पहले ही कछुआ चाल से चल रहा था काम
भास्कर न्यूज - जयपुर
टाउन हॉल की ऐतिहासिक इमारत को अंतरराष्ट्रीय म्यूजियम के रूप में विकसित करने का काम एक बार फिर थम गया है। करीब 20 दिन से यहां काम पूरी तरह रुका पड़ा है। इस बारे में अब एईएन तो एक्सईएन के आदेश पर, एक्सईएन आगे कार्यकारी निदेशक ((ईडी वक्र्स)) के लिए और ईडी सीईओ पर मामला टालते हैं। वहीं इस माह के पहले सप्ताह में जिस सीईओ राजेन्द्र कुमार चारण ने यहां दौरा कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे, वे भी अब काम रोकने का कोई स्पष्ट कारण नहीं देकर बगले झांकते नजर आ रहे हैं। उधर बिना किसी कारण बताए काम रोकने को लेकर संबंधित फर्म की ओर से तीन बार संबंधित अफसरों को न केवल लिखा गया है, बल्कि मिलकर कारण भी जानना चाहा, लेकिन किसी से जवाब देते नहीं बन रहा। यह हालात तब हैं जब म्यूजियम के काम पर करीब साढ़े 7 करोड़ खर्च हो चुके और एक करोड़ ही लायबिलिटी बाकी है।
टाउन हॉल में अंतरराष्ट्रीय म्यूजियम बनाने का काम कछुआ चाल से चल रहा था। योजना के मुताबिक इसकी उद्घाटन अवधि सितंबर 2013 तक ((चिल्ड्रन्स गैलरी से शुरुआत)) रखी गई थी। अफसरों के ढुलमुल रवैये के कारण काम अटका तो तत्कालीन बड़े अफसरों ने बैठक कर चिल्ड्रन्स गैलरी का काम 20 दिसंबर और जून 2०14 तक म्यूजियम का काम पूरा करने की नई डेडलाइन तय की थी। लेकिन अब जिस तरह से काम ही रुका हुआ है, उसे देखते हुए इसके आसार कम ही नजर आ रहे हैं। सीईओ राजेन्द्र सिंह चारण पहले तो मामले से अनजान बनते रहे। बाद में सरकार के स्तर पर कुछ निर्णय होने की बात कहकर मामला टाल गए।