सहारा वॉरियर्स की जीत में चमके समीर
खेल संवाददाता - जयपुर
समीर सुहाग के शानदार खेल की मदद से सहारा वॉरियर्स ने भवानी सिंह पोलो कप में पोलो कंपनी को 8-4.5 से हराया। शुक्रवार को रामबाग पोलो ग्राउंड पर खेले गए पहले मैच में समीर ने हैट्रिक सहित कुल पांच गोल किए, जबकि गौरव सहगल, प्रताप कानोता तथा विदेशी खिलाड़ी निक पेपर एक-एक गोल करने में सफल रहे।
दूसरी ओर आधे गोल की शुरुआती बढ़त के साथ उतरी पोलो कंपनी के लिए स्टार खिलाड़ी उदय कलान ने तीन गोल किए, तो योगेश्वर सिंह को एक गोल करने में सफलता मिली। वहीं चार गोल के डोनली कोई गोल नहीं कर सके।
संधू की दोहरी हैट्रिक से कैवेलरी विजयी
यहां खेले गए दूसरे मैच में एनएस संधू की दोहरी हैट्रिक की बदौलत कैवेलरी ने सोना पोलो को 8.5-6 से मात दी। आधे गोल के हैंडीकैप के साथ उतरी कैवेलरी टीम के लिए पहले छह गोल करते हुए संधू ने दोहरी हैट्रिक पूरी की। विशाल चौहान ने टीम के लिए अंतिम दो गोल किए।
पराजित टीम सोना पोलो के लिए अभिमन्यु पाठक ने चार गोल दागे, तो पांच गोल के खिलाड़ी सिमरन शेरगिल दो गोल करने में सफल रहे। टीम के मुख्य आकर्षण करिश्मा कपूर के पति संजय कपूर गोल करने में नाकाम रहे। शनिवार को प्रदर्शन मैच खेला जाएगा।
मृत घोड़ी को नगर निगम के ट्रैक्टर में ले जाया गया।
जयपुर पोलो सत्र
तीसरे चक्कर बाद उदय कलान की घोड़ी हुई हार्ट अटैक की शिकार