आज दिल्ली में सजेगी कावड़ झांकी
सिटी रिपोर्टर जयपुर
गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली में जनपथ पर होने वाली परेड में राजस्थान की झांकी का मॉडल जयपुर के कलाकार हर शिव शर्मा ने तैयार किया है। दिल्ली में तैयार हुए इस मॉडल में पाली के लोक कलाकार भारतीय देवी-देवताओं पर आधारित तेरहताली नृत्य प्रस्तुत करेंगे। कलाकारों के ग्रुप में 8 महिलाएं व 2 पुरुष शामिल हैं। रविवार को यह दल राजस्थान को रिप्रजेंट करेगा। यह समारोह कला संस्कृति विभाग राजस्थान सरकार की ओर से आयोजित किया जाता है। झांकी के रवाना होने से पूर्व सभी कलाकारों ने मिलकर इसकी पूजा की। झांकी के मुख्य भाग पर राजस्थानी परिधानों से सजी तेरहताली नृत्य करती आठ फुट ऊंची फाइबर से बनी राजस्थानी युवती की कलाकृति दर्शाई गई है। झांकी के आगे एवं साइड में राजस्थानी चित्रकारीयुक्त करीब 11 रंगीन कलात्मक कावड़ें दिखाई गई हैं। प्रत्येक कावड़ की लंबाई करीब 8 फीट है। इन्हें बस्सी ((चित्तौडग़ढ़)) के कलाकार द्वारका प्रसाद जांगिड़ ने बनाया है। परेड में राजस्थान के अलावा अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के लोक कलाकार भी झांकियों के माध्यम से अपनी संस्कृति को दर्शाएंगे।
मध्य भाग में 8 महिला कलाकार तेरहताली नृत्य का प्रदर्शन करेंगी। दो पुरुष राजस्थानी संगीत की सुमधुर धुनें बिखेरेंगे। पिछले हिस्से में भी करीब नौ फीट ऊंची कावड़ घूमती हुई दिखाई देगी। खिड़की नुमा कावड़ के विभिन्न हिस्सों में लोक देवताओं पर आधारित कथाएं चित्रित की गई हैं। नोडल अधिकारी विनय शर्मा ने बताया कि परेड में भाग लेने वाले राजस्थानी कलाकारों ने प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से मुलाकात कर उन्हें कावड़ कला की जानकारी दी।
जयपुर के कलाकार की ओर से तैयार किए गए मॉडल में पाली के लोक कलाकार रविवार को दिल्ली जनपथ पर देवताओं पर आधारित नृत्य प्रस्तुत करेंगे।