पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राज्यसभा चुनाव : बैकडोर एंट्री बंद, कांग्रेसी खेमे में मायूसी

राज्यसभा चुनाव : बैकडोर एंट्री बंद, कांग्रेसी खेमे में मायूसी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस नेताओं का संसद की बैकडोर एंट्री का सपना इस बार टूट गया। राज्यसभा के लिए अगले माह होने वाले चुनाव में कांग्रेस को तीन में से एक भी सीट मिलने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में कांग्रेस कोई प्रत्याशी मैदान में उतारकर फजीहत कराने के मूड में नहीं है।
पार्टी के कुछ दिग्गज हर बार संसद की बैकडोर एंट्री के लिए आस लगाए रहते हैं। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी अब राज्यसभा चुनाव मैदान में उतरने लायक नहीं रही। भाजपा ने शुक्रवार को राज्यसभा में भेजने के लिए तीन नामों की घोषणा कर दी। इस घोषणा के बाद तो अब कांग्रेस खेमे में और मायूसी छा गई। सांसद डॉ. प्रभा ठाकुर फिर से भाग्य आजमाना चाहती थीं। विधानसभा में केवल 21 सीटें देकर मतदाताओं ने कांग्रेस के लिए राज्यसभा का रास्ता भी बंद कर दिया। अब दिग्गज अपने पॉलिटिकल कॅरियर को लेकर संकट में हैं और खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। पिछले चुनाव में किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के मोहनलाल गुप्ता से हार के बाद अश्क अली टाक को कांग्रेस ने राज्यसभा की बैकडोर एंट्री दी थी।


सीटें मिलती तो कई नेताओं की थी तैयारी
भाजपा के दो और कांग्रेस के एक राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म होने जा रहा है। इनमें भाजपा के ओम माथुर और ज्ञानप्रकाश पिलानिया तथा कांग्रेस की डॉ. प्रभा ठाकुर शामिल हैं। 7 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव में भाजपा के ही तीनों प्रत्याशियों की जीत तय है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि यदि कुछ और सीटें विधानसभा में पार्टी को मिलती तो पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान, पूर्व शहरी विकास मंत्री शांति धारीवाल, पूर्व उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक सहित आधा दर्जन दिग्गजों की निगाहें इसी ओर थीं।
सर्वे ने भी उड़ाए होश

कांग्रेस खेमे में इस बात को लेकर भी चिंता है कि जिस प्रकार के मीडिया में सर्वे आ रहे हैं, उसके नतीजे से लोकसभा में भी उनकी स्थिति ठीक नहीं लगती। विधानसभा चुनाव से पहले आए सर्वे के नतीजों में भाजपा को जीत की ओर अग्रसर बताया था, लेकिन परिणाम उससे कहीं आगे के निकले। ऐसे में अब कांग्रेस खेमे में इस बात को लेकर होश उड़े हुए हैं कि यदि विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा सर्वे से आगे निकल गई तो कांग्रेस का क्या होगा। विधानसभा के बाद राज्यसभा के रास्ते बंद होना तय मान रही कांग्रेस के दिग्गज लोकसभा चुनाव को लेकर भी आशंकित दिखाई दे रहे हैं।