- Hindi News
- राजापार्क में पिकअप ने ७वीं के छात्र को कुचला
राजापार्क में पिकअप ने ७वीं के छात्र को कुचला
भास्कर न्यूज. जयपुर
राजापार्क गुरुद्वारे के पास शनिवार दोपहर सुंदर टैंट हाउस चौराहे पर पिकअप ने बाइक सवार 7वीं कक्षा के बालक व एक युवक को टक्कर मार दी। इस पर दोनों उछलकर पिकअप के नीचे आ गए। बालक का सिर टायर के नीचे आ गया। उसकी मौत हो गई, जबकि युवक के हल्की चोटें आईं। गुस्साए लोगों ने रास्ता रोककर क्षेत्र के चौराहों पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप भगा ले गया, जिसे दुर्घटना थाना पूर्व पुलिस ने जब्त कर लिया।
सब इंस्पेक्टर उत्तमचंद शर्मा ने बताया कि हादसे का शिकार आनंदपुरी निवासी आर्यन गुर्जर ((13)) माहेश्वरी हायर सैकंडरी स्कूल तिलक नगर का छात्र था। उसके पिता हेमेंद्र गुर्जर दिल्ली रोड पर निजी कॉलेज में कार्यरत हैं। डूंगरपुर निवासी घायल हिमांशु बिगबॉस स्टूडियो में नौकरी करता है। दोनों पड़ोसी हैं। आर्यन और हिमांशु बाइक से भगतसिंह पार्क की ओर से मोतीडूंगरी थाने की ओर जा रहे थे कि तेज गति में आ रही अजमेरा टैंट हाउस की पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया। दोनों उछलकर पिकअप के नीचे आ गए। हिमांशु को एसएमएस अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।