आज गणतंत्र का जश्न
भास्कर न्यूज. जयपुर
65वां गणतंत्र दिवस के जश्न की तमाम तैयारियां शहर ने कर ली हैं। मुख्य इमारतें जगमगा रही हैं। राज्यस्तरीय समारोह सवाई मानसिंह स्टेडियम में होगा। सुबह 9:30 बजे राज्यपाल मारग्रेट अल्वा झंडारोहण करेंगी।
मुख्य सचिव राजीव महर्षि ने बताया कि झंडारोहण के बाद मार्चपास्ट होगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के प्रतिनिधियों को पदक एवं योग्यता प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ बैंडवादन होगा। कार्यक्रम में प्रवेश-पत्र से ही सुबह 9 बजे तक प्रवेश मिलेगा। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद रहेंगी।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सुबह 7:30 बजे 13 सिविल लाइंस में मुख्यमंत्री निवास और इसके बाद 8 बजे बड़ी चौपड़ पर झंडारोहण करेंगी। अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। फिर सचिवालय के कार्यक्रम में शामिल होंगी। राजभवन में शाम 4:30 बजे ‘एट होम’ कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी। विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल विधानसभा में सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण करेंगे।