रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के मकान में चोरी
जयपुर . शास्त्रीनगर की ललिता कॉलोनी निवासी क्राइम ब्रांच से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के मकान के ताले तोड़कर चोर जेवर और साढ़े तीन लाख रुपए ले गए। बदमाश पांच ताले तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी से सामान ले गए। चोर आसपास के मकानों को बाहर से कुंदी लगाकर इनके घर में घुसे थे।
शास्त्रीनगर थाने के एएआई रडमल सिंह ने बताया कि शास्त्रीनगर निवासी जेठूसिंह के भाई का कुछ दिनों पहले देहांत हो गया था। वे परिवार सहित जोधुपर गए थे। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने उनके घर का ताला टूटा देखा। सूचना पर जेठूसिंह घर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश 3.50 लाख रुपए, सोने की दो चेन, पायजेब, सिक्के व अन्य जेवर ले गए।
इधर पारीक पथ, मुरलीपुरा निवासी विशवल्लभ शर्मा गुरुवार को परिवार सहित पिता से मिलने कालवाड़ गए थे। अगले दिन लौटे तो मकान के ताले टूटे पड़े थे। अलमारी से चोर 10 हजार रुपए और जेवर ले गए।
मोबाइल की दुकान में चोरी : सांगानेर, किसान कॉलोनी निवासी सुरेंद्र शर्मा की इंडिया गेट के पास मोबाइल की दुकान है। गुरुवार रात वे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह शटर पर लगे ताले टूटे थे। दुकान से 17 मोबाइल और गल्ले से 21 सौ रुपए गायब थे।