- Hindi News
- 25 लाख ठगने वाले नाइजीरियन सहित ४ गिरफ्तार
25 लाख ठगने वाले नाइजीरियन सहित ४ गिरफ्तार
भास्कर न्यूज. जयपुर
लंदन में रहने वाले भारत के व्यक्ति का वारिस बनाने का झांसा देकर मुरलीपुरा निवासी रमेशचंद चौहान से 25 लाख रुपए की ठगी करने वाले नाइजीरियन ठग सहित चार आरोपियों को साइबर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नाइजीरियन कम्प्यूटर प्रोग्रामर है और तीन साल पहले बिजनेस वीजा पर भारत आया था, जिसकी वीजा अवधि भी समाप्त हो चुकी है। पूछताछ में आरोपियों ने सौ से अधिक लोगों से लॉटरी का झांसा, लावारिस धन मिलने, नौकरी का झांसा और सामान बेचने के नाम पर ठगी करने की बात कबूल की।
साइबर थाना प्रभारी ((उप अधीक्षक)) राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि नाइजीरियन ओसिता एमानुअल ((27)) दिल्ली में संत नगर में रहता है। वीजा अवधि समाप्त होने से पासपोर्ट भी जब्त हो गया। अन्य आरोपी गुरमीत सिंह ((38)) शंकर दास ((32)) तथा गुरविंदर सिंह ((23)) दिल्ली में संतगढ़ तिलक नगर के रहने वाले हंै। गुरमीत सिंह नाइजीरियन ठग का मुख्य सहयोगी है, जो ठगी की राशि जमा करवाने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इनके पास से पुलिस ने एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद किए। चारों को पांच दिन के रिमांड पर लिया।
मुरलीपुरा के सिंधु नगर निवासी पीडि़त ने कराया था साइबर थाने में मामला दर्ज
गत वर्ष 9 मई को भेजा था ई-मेल
आरोपियों ने मुरलीपुरा में सिंधु नगर में रहने वाले रमेशचंद्र चौहान को गत वर्ष नौ मई को मेल भेजकर भारतीय को वारिस बनाने की बात कही। साथ ही, कहा कि भारत का एक व्यक्ति लंदन में रहता है। जिसके अकाउंट में 25 साल से काफी धनराशि जमा है, जिसका कोई वारिस नहीं है। मेल मिलने पर रमेशचंद्र ने मेल भेजने वाले से संपर्क किया तो आरोपियों ने रमेश चंद्र से कहा कि लंदन में रह रहे भारतीय के अकाउंट में 98 लाख पाउंड की राशि जमा है। इसमें 40 प्रतिशत की राशि उसे मिल सकती है। साथ ही आरोपियों ने लंदन के स्कॉटलैंड बैंक के फर्जी ई मेल एड्रेस भी दिए। कुछ समय बाद आरोपियों ने रमेशचंद्र से संपर्क कर कहा कि उसके हिस्से की राशि का चेक जैक ब्राउन नाम का आदमी दिल्ली लेकर आएगा। जिसके लिए ट्रांसफर फीस के रूप में 25 हजार रुपए एसबीआई खाते में जमा कराने होंगे और आरोपियों ने खाता नंबर भी रमेशचंद्र को दे दिया। इसके बाद 74 हजार रुपए आईसीआईसीआई बैंक में जमा कराने को कहा। पीडि़त ने ये रुपए भी जमा करा दिए। इस तरह से ठगों ने विभिन्न टैक्स व चार्जेज के नाम पर पीडि़त से 25 लाख रुपए विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए। जांच के दौरान पता चला कि पीडि़त को जो मेल भेजे गए थे वे सब दिल्ली और आसपास के इलाके से भेजे थे। साथ ही अकाउंट भी दिल्ली के थे, जिनमें रुपए जमा करवाए गए। इस पर साइबर थाने के इंस्पेक्टर संजय आर्य के नेतृत्व में एसआई मुकेश, गजेंद्र शर्मा की टीम ने आरोपियों को दबोच लिया।
शंकर दास।
गुरमीत सिंह।
गुरविंदर सिंह।