अंदर सिंडीकेट, बाहर धरना
भास्कर न्यूज. जयपुर
जगद्गुरू रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत यूनिवर्सिटी में शनिवार को विभिन्न मुद्दों पर सिंडीकेट की बैठक हुई। इस दौरान यूनिवर्सिटी के अंदर सिंडीकेट की बैठक चलती रही और बाहर शिक्षक धरना देते रहे। शिक्षकों ने वार्षिक वेतनवृद्धि, वेतन विसंगति और विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। बैठक में सिंडीकेट प्रतिनिधि डॉ. राजधर मिश्र ने शिक्षकों का पक्ष लेते हुए उनकी मांगों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पहले उनकी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। इससे माहौल गरमा गया। इसके बाद बैठक में ५ सदस्यों की कमेटी नियुक्त की गई।
जगद्गुरू रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत यू्निवर्सिटी के कुलपति का कार्यकाल 27 अप्रैल को पूरा हो रहा है। ऐसे में सिंडीकेट ने वीसी सर्च कमेटी के लिए संस्कृत शिक्षा के पूर्व निदेशक प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार शर्मा को प्रतिनिधि बनाया गया। पिछली सरकार द्वारा सिंडीकेट में मनोनीत डॉ. प्रभुदत्त शर्मा का बैठक में शामिल होना शिक्षकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। धरने के दौरान शिक्षकों ने राज्यपाल के प्रतिनिधि डॉ. कृष्णा सिंह का घेराव कर उन्हें मांग पत्र सौंपा। अंत में वीवी के कुलपति रामानुज देवनाथन ने 31 जनवरी तक शिक्षकों को एरियर व मेडिकल देने का वादा किया।
जगद्गुरु रामानंदाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय