मैंने अपनी जिंदगी का बीमा करा लिया!
कॉर्पोरेट संवाददाता - जयपुर
जनरल मोटर्स के एमडी के रूप में जयपुर से कार्ल स्लिम की काफी यादें जुड़ी हुई हैं। राजस्थान में इस कंपनी के शेवरले ब्रांड के तहत कई मॉडलों की लॉन्चिंग करने के लिए जयपुर आना उन्हें बहुत अच्छा लगता था। लॉन्चिंग के दौरान उनसे कई बार हुई मुलाकातों से परिचय भी गहरा होता गया। वे जब भी जयपुर आते यहां के खानपान, अतिथि सत्कार और मनुहार की बातें जरूर करते।
जयपुर यात्रा के दौरान उनकी पत्नी सैली हमेशा भारतीय साड़ी में उनके साथ आती थी। वे कार्ल स्लिम के साथ यहां के बाजारों से इनकी खरीदारी भी करती थीं। जयपुर में एक लॉन्चिंग के दौरान मैंने कार्ल स्लिम और उनकी पत्नी के बीच हुई पहली मुलाकात का जिक्र किया, जिसकी जानकारी वे किसी इंटरव्यू में दे चुके थे। वे इस बात पर बहुत खुश हुए और पत्नी से कहा, दिस पर्सन नोज ए लॉट अबाउट अस! ((यह हमारे बारे में काफी कुछ जानकारी रखते हैं))। स्लिम ने वह किस्सा भी सुनाया। उनके अनुसार, वे तब 19 साल के थे और उनकी कार किसी से टकरा गई थी। कार के इंश्योरेंस के सिलसिले में वे जब कंपनी के आफिस गए तो उनकी मुलाकात एक सुंदर लड़की से हुई। स्लिम के अनुसार, इंश्योरेंस के मसले पर काफी दिनों तक एक-दूसरे के साथ काम करने के बाद हम एक-दूसरे को चाहने लगे और आखिरकार वह दिन भी आ गया जब मैंने अपनी जिंदगी का बीमा इसी लड़की से कराने का फैसला किया यानी हमने शादी कर ली।
कार्ल स्लिम के साथ बिताए वक्त को याद करते हुए शेवरले डीलर ट्रायंफ मोटर्स के साई गिरधर कहते हैं कि राजस्थान में कंपनी के पैर जमाने में उनका बड़ा हाथ रहा। अपने सेंस ऑफ ह्यूमर और भारतीयता को अपनाने के लिए कार्ल हमेशा याद किए जाएंगे।
कौन थे कार्ल स्लिम
कार्ल स्लिम ((51)) ब्रिटेन के नागरिक थे। उन्होंने 2012 में कंपनी का नेतृत्व संभाला था। तब वाहन उद्योग लंबे समय के मंदी के दौर से गुजर रहा है। उन्हें भारतीय बाजार में कंपनी के कारोबार को गति देने की रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले स्लिम एसजीएमडब्ल्यू मोटर्स, चीन के कार्यकारी उपाध्यक्ष थे। वे टोयोटा और जनरल मोटर्स में भी कई पदों पर रहे।
हत्या की आशंका से इनकार नहीं
बैंकॉक में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हत्या की आशंका के मद्देनजर भी जांच की जा रही है। पुलिस को रविवार सुबह 7:45 बजे पांच सितारा होटल शांगरी-ला बुलाया गया था। जब उनकी 30 वर्षीय पत्नी को स्लिम की मौत की खबर दी गई तो वह स्तब्ध रह गई। वे 24 जनवरी को आए थे। रविवार को ही चैक आउट करने वाले थे। पुलिस स्लिम की पत्नी से भी पूछताछ करेगी।
चुनौती भरे समय में नेतृत्व
टाटा समूह के चेयरमैन सायरस मिी ने स्लिम की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। कंपनी की ओर से रविवार को बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि स्लिम ने चुनौती भरे माहौल में कंपनी को सक्षम नेतृत्व दिया।
टाटा मोटर्स के एमडी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
एजेंसी - बैंकॉक/मुंबई
टाटा मोटर्स के एमडी ((मैनेजिंग डायरेक्टर)) कार्ल स्लिम की बैंकॉक में रहस्यमय
परिस्थितियों में मौत हो गई है। वे टाटा की थाइलैंड यूनिट की बैठक में शामिल होने बैंकॉक आए थे। यहां पत्नी के साथ एक होटल की 22वीं मंजिल पर ठहरे थे। रविवार को होटल स्टाफ को उनका शव चौथी मंजिल पर मिला। पुलिस के अनुसार उनके पास से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। यह अंग्रेजी में है। इसलिए पुलिस उसका थाई भाषा में अनुवाद करवा रही है।
पुलिस अधिकारी लेफ्टिनेंट सोमपोत बूनायके ने कहा, ऐसा नहीं लगता उनका किसी से संघर्ष हुआ हो। हमें खिड़की खुली मिली। लेकिन वह इतनी छोटी है कि उससे होकर फिसलना भी संभव नहीं लगता। वे बड़ी कद काठी के थे। इसलिए शुरुआती अनुमान से लगता है कि वे खिड़की पर चढ़ कर नीचे कूदे होंगे।
> बैंकॉक में होटल की 22वीं मंजिल से गिरे > पुलिस को मिला तीन पेज का सुसाइड नोट