- Hindi News
- पुलिस को नकदी बाइक लूटने की झूठी सूचना दी
पुलिस को नकदी-बाइक लूटने की झूठी सूचना दी
जयपुर - शराब के नशे में एक युवक ने मंगलवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में डिग्गी रोड पर तीन साथियों द्वारा बाइक व एक लाख रु. लूटने की सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी करा दी। मुहाना थानाप्रभारी ईश्वरसिंह घटनास्थल पर पहुंचे तो मामला झूठा निकला। तब पुलिस ने गलत सूचना देने वाले युवक व उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी बजरंग लाल शर्मा, बलवीर, नरेश व शंभू हैं। ये चारों मजदूरी करते हंै और प्रतापनगर में एनआरआई सर्किल के पास किराये से रहते हैं। अपराह्न करीब 3 बजे वे चारों डिग्गी रोड पर रूपाली ढाणी के पास पहुंचे। वहां रास्ते में एक ढाबे पर खाना खाकर शराब पी। नशा होने पर बजरंग लाल ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर कहा कि उसके तीन साथी धक्का-मुक्की कर उसकी बाइक और एक लाख रु. लूट ले गए। करीब 3:20 बजे सूचना मिली तो मुहाना थानाप्रभारी मौके पर पहुंचे। नाकाबंदी भी करा दी। डिग्गी रोड पर थानाप्रभारी को आरोपी बजरंग लाल अपनी बाइक पर जाता नजर आया। बाइक नंबर देख कर पुलिस ने उससे पूछताछ की। कुछ दूर आगे बजरंग के तीनों साथी नजर आए। पूछताछ करने पर मामला झूठा निकला। इस पर पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर मेडिकल कराया।