- Hindi News
- सारे बजरी पट्टे मेघराज के नाम हैं : गुंजल
सारे बजरी पट्टे मेघराज के नाम हैं : गुंजल
विधानसभा संवाददाता - जयपुर
प्रदेश में बजरी महंगी होने से मकानों के निर्माण में आ रही दिक्कतों व आम जन पर पड़ रहे असर पर मंगलवार को पूर्ववर्ती गहलोत सरकार की खूब खिंचाई हुई।
भाजपा के प्रहलाद गुंजल ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कहा कि पिछली सरकार ने एक ही फर्म को खनन पट्टे दे दिए। सारे पट्टे मेघराज सिंह के नाम हैं। पिछली सरकार का इस मेघराजसिंह से क्या ताल्लुक था? इस पर हनुमान बेनीवाल बोले-सभापति महोदय यह मेघराज सिंह सदन में आया है, यह कौन है? गुंजल ने जवाब दिया-यह एक फर्म है। ज्यादातर खानें इसी फर्म को दी गई। सरकार को सारी बजरी नीति की पुनर्समीक्षा करनी चाहिए। गुंजल ने कहा- बनास नदी में जो 6 चक्के का ट्रक साल भर पहले 600 रुपए में आता था, कांग्रेस सरकार ने एक ही व्यक्ति को अलग-अलग नामों से बजरी का ठेका दिया। आज दस हजार रुपए में ट्रक भरा जा रहा है। आम आदमी मकान कैसे बनाए? इसी बीच डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा- इतना गंभीर इश्यू चल रहा है, लेकिन सरकार का कोई मंत्री इसे नोट नहीं कर रहा। अध्यक्ष की कुर्सी से सभापति प्रद्युम्न सिंह ने कहा-सरकार के कई मंत्री सदन में मौजूद हैं। इस पर किरोड़ी ने कहा- इनमें से कोई नोट नहीं कर रहा। भड़ानाजी और चतुर्वेदी जी तो पारीक जी से बात कर रहे हैं। दरअसल, बजरी पर बहस के दौरान विधायक सुरेंद्र पारीक, मंत्री हेमसिंह भड़ाना और अरुण चतुर्वेदी के साथ बैठे थे और ये तीनों आपस में बात कर रहे थे।