पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर. जयपुर के युवा एक अजीबो-गरीब कारण से डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं और वो है- सिर के बाल गिरना यानी हेयर फॉल। हाल ही 21 वर्षीय युवक ने इसी वजह से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। यही नहीं, अपने दोस्तों के बीच मजाक का पात्र बनने पर कुछ युवा कॉलेज जाना तक छोडऩे लगे हैं। शहर के डॉक्टरों के मुताबिक अभी तक युवाओं में डिप्रेशन की मुख्य वजह स्टडी, करियर या जॉब था, लेकिन अब बाल गिरने से सुंदरता पर दाग लगने की हीनभावना से उन्होंने खुद को कमरे तक समेट लिया है।
बाल गिरने की वजह
न्यूट्रिशियस डाइट नहीं लेना। फास्ट फूड ज्यादा खाना। जंक फूड खाने से बॉडी के विटामिन्स और मिनरल्स खत्म हो जाते हैं। ब्लड सप्लाई कम होने पर बाल पतले होते हैं।
बरतें सावधानी
भारतीय खाना खाएं। फास्ट फूड नहीं खाएं। यह पेट तो भरता है पर न्यूट्रिशन नहीं देता। बेहतर है कि रोज सेब, पपीता, पाइनएपल, संतरा में से कोई एक फल खाएं।
खुदकुशी क्यों?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. मनीषा निझावन ने बताया कि बीकॉम कर रहा युवक बाल गिरने से बहुत परेशान था। उसने लोगों से मिलना-जुलना तक बंद कर दिया और कमरे में अकेले बैठा रहता था। डिप्रेशन में उसने सुसाइड कर लिया। हालांकि, अभी ऐसा पहला केस देखने को मिला है, लेकिन हर दिन इस तरह के केस सामने आ रहे हैं। इनमें 20 साल की उम्र के बाद वाले युवा ज्यादा हैं। बाल गिरने वाले को कई बार फैमिली व सोसायटी के लोग टोक देते हैं, तो दोस्त मजाक बनाते रहते हैं। ऐसे में, वे मिलना-जुलना बंद कर देते हैं और धीरे-धीरे यही एकाकीपन उनके डिप्रेशन की वजह बन जाता है।
हेयर फॉल से परेशान युवाओं ने कॉलेज जाना भी छोड दिया है। बीएससी कर रहे विनोद और बी फॉर्मा कर रहे राजेश के साथ कुछ इसी तरह की घटना हुई। विनोद कॉलेज में विग लगाकर जाता था, जिसे एक दिन दोस्तों ने खींच दिया और मजाक उड़ाया। इससे वो हीनभावना से ग्रसित हो गया और कॉलेज जाना छोड़ दिया। हेयर ट्रांसप्लांट एक्सपर्ट डॉ. सुनीत सोनी ने बताया कि हेयर फॉल की वजह से इंटरव्यू, प्रमोशन और शादी में युवाओं को रिजेक्ट करने से भी डिप्रेशन आ रहा है। युवा हमेशा बालों के बारे में सोचते रहते हैं। इस आशंका से न तो वे सिर पर हाथ लगाते, न ही कई दिनों तक शैम्पू करते हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.