राहुल को ट्यूशन की जरूरत : रामदेव
भास्कर न्यूज - जयपुर
योग गुरु स्वामी रामदेव ने आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस विरोधी मुहिम छेडऩे का ऐलान किया है। बुधवार को जयपुर में आयोजित भारत स्वाभिमान के प्रांतीय सम्मेलन में शामिल होने आए रामदेव ने प्रेस वार्ता में गांधी परिवार और दिल्ली की सत्ता में आई आम आदमी पार्टी पर जमकर जुबानी हमले बोले। राहुल गांधी की परिपक्वता को लेकर पूछे गए एक सवाल पर रामदेव बोले कि राहुल को ट्यूशन करना चाहिए। वे 10-15 साल पुरानी बाते कर रहे हैं जो औचित्यहीन है। समय-समय पर अलग-अलग मुद्दों पर चुनाव होते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में उनका संगठन सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन के लिए 30 करोड़ लोगों से घर-घर जाकर संपर्क करेगा और वोटों का ध्रुवीकरण करेगा।
राहुल-सोनिया के खिलाफ प्रचार
रामदेव ने कहा कि मैं किसी राजनीतिक मंच पर नहीं जाऊंगा, लेकिन सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन के लिए मेरा अभियान जारी रहेगा। अमेठी और रायबरेली में सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ प्रचार करेंगे और दावा किया कि वे दोनों इस बार चुनाव हारेंगे। उनका दावा है कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की 60 से ज्यादा सीटें नहीं आएंगी।
चुनावों का नेतृत्व अकेले राहुल गांधी को सौंपे जाने के सवाल पर रामदेव बोले कि कांग्रेस के नेता चाहते हैं कि राहुल गांधी को पटखनी मिल जाए और चुनाव के बाद वह अकेले ही रहने वाले हैं।
कांग्रेस के मंत्री मेरे संपर्क में
रामदेव ने कहा कि कांग्रेस के कई मंत्री मेरे संपर्क में है क्योंकि उन्हें पता है कि लोकसभा चुनावों के बाद कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। रामदेव ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से अशोक गहलोत ईमानदार और साफ-सुथरी छवि वाले व्यक्ति हैं लेकिन कांग्रेस विरोधी लहर उन्हें ले डूबी।
राजनीतिक मंच पर नहीं जाऊंगा
भ्रष्टाचार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में निचले स्तर पर भ्रष्टाचार हो सकता है लेकिन शीर्ष नेतृत्व पवित्र है। उन्होंने अपने भाषण में मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा वे भाजपा से ऐसे लोगों को टिकट देने के लिए कहेंगे जिनकी छवि साफ-सुथरी हो और जिन्हें लोग भी पसंद करते हों।
‘आप’ का साथ मेरी भूल
पूर्व में अरविंद केजरीवाल के साथ मंच साझा करने को रामदेव ने अपनी बड़ी भूल बताते हुए कहा कि इनका साथ देने का निर्णय लेना गलत था। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों देश के लिए खतरा हैं। ‘आप’ की कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है, वे बड़ी भूमिका में आकर खड़े हो गए थे लेकिन उन्होंने कुछ किया ही नहीं।
24 मार्च से अभियान
रामदेव ने कहा 23 मार्च को शहीद दिवस के मौके पर उनका संगठन देश भर में 10 करोड़ लोगों को योग सिखाएगा और वे खुद इसी दिन दिल्ली में 10 लाख लोगों को योग शिक्षा देंगे। इसके बाद 24 मार्च से इस संगठन के कार्यकर्ता देश भर में 20 से 30 करोड़ लोगों से घर-घर जाकर संपर्क कर उन्हें सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन का आह्वान करेंगे।
राजस्थान में योग पाठ्यक्रम लागू करवाने का प्रयास करेंगे
कांग्रेस शासित राज्यों में तो हम योग पाठ्यक्रम लागू नहीं करवा पाए लेकिन राजस्थान में इसे लागू करवाने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से बात करेंगे।
गौ हत्या बंद करवाना मुख्य मुद्दा
रामदेव ने कहा कि भले ही गौ हत्या पर रोक लगाना भाजपा का मुख्य एजेंडे में शामिल नहीं लेकिन मोदी चुनाव जीतकर आते हैं तो देश में गौ वध रुकवाना हमारा प्रमुख मुद्दा होगा।