मांग निकलने से हल्दी के भावों में उछाल
जयपुर - कम फसल के बीच मांग निकलने से हल्दी के भावों में तेजी का रुख बना हुआ है। बुधवार को स्थानीय बाजार में हल्दी के हाजिर भावों में 100 रुपए की मजबूती दर्ज की गई। कारोबारी प्रकाश अस्तवाल ने बताया कि एक सप्ताह के दौरान हल्दी के भाव 400 से 500 रुपए प्रति क्विंटल मजबूत हो गए हैं। उत्पादक सेंटरों पर हल्दी की फसल कम बताई जा रही है, इसे देखते हुए हल्दी की कीमतों में मंदी के कोई आसार नहीं है। वायदा में हल्दी का अप्रैल अनुबंध 216 रुपए बढ़कर 7372 रुपए प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।