ध्रुवपाल-सिमरन ने बरसाए गोल
खेल संवाददाता - जयपुर
जयपुर वॉरियर्स के स्टार खिलाड़ी सिमरन शेरगिल तथा अरावली क्रूसेडर्स के ध्रुवपाल गोदारा ने बुधवार को सिरमूर कप पोलो टूर्नामेंट में गोलों की बरसात कर दी। ध्रुवपाल गोदारा ने डबल हैट्रिक सहित आठ गोल कर अरावली क्रूसेडर्स को पोलो कंपनी के खिलाफ ११-७.५ से जीत दिलाई। वहीं सिमरन के हैट्रिक सहित छह गोलों से जयपुर वॉरियर्स ने आईपीजी बेदला को ११-९.५ से हराया।
रामबाग पोलो ग्राउंड पर खेले गए मैच मे अरावली क्रूसेडर्स के लिए ध्रुवपाल गोदारा के अलावा तीन अन्य गोल अभिमन्यु पाठक ने दागे। पांच गोल के विदेशी खिलाड़ी लेरोक्स हैनरिक्स कोई गोल नहीं कर सके। आधे गोल के हैंडीकैप के साथ उतरी पोलो कंपनी के स्टार खिलाड़ी बशीर अली ने भी हैट्रिक सहित पांच गोल किए, लेकिन वे ध्रुवपाल की बराबरी नहीं कर सके। टीम के लिए नियाल डोनली व मनुपाल गोदारा ने एक-एक गोल किया।
उधर आईपीजी के खिलाफ जयपुर वॉरियर्स के सिमरन के अलावा छह गोल के विदेशी खिलाड़ी मजीनी ने तीन गोल दागे। आईपीजी की ओर से भवानी कालवी ने तिकड़ी सहित पांच व हिम्मत सिंह बेदला ने दो गोल दागे।
सिरमूर कप पोलो में जयपुर वॉरियर्स व अरावली क्रूसेडर्स ने जीते मुकाबले
चोटिल हुए उदय कलान
मैच के दौरान पोलो कंपनी के उदय कलान गेंद लगने के कारण घोड़े से नीचे गिर पड़े। उन्हें कुछ चोट आईं। बाद में उनके स्थान पर मनुपाल को मैदान पर उतरना पड़ा।