राज्यसभा सीटों के सभी नामांकन वैध
जयपुर - राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों के 9 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। बुधवार को विधानसभा में इनकी जांच की गई। निर्वाचन अधिकारी पी.के. शास्त्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के विजय गोयल, रामनारायण डूडी और नारायण लाल पंचारिया के तीन-तीन नामांकन पत्रों की निर्वाचन एजेंटों की उपस्थिति में जांच की गई थी। पर्यवेक्षक एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक जैन, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. सी. गुप्ता, प्रत्याशियों के एजेंट योगेन्द्र सिंह तंवर, शिवचंद साहू व अनिल कुमार चौहान की मौजूदगी में यह जांच की गई। जांच की वीडियोग्राफी भी की गई। कांग्रेस या अन्य किसी दल की ओर से कोई प्रत्याशी खड़ा नहीं किया गया है। ऐसे में भाजपा के तीनों प्रत्याशियों का राज्यसभा सदस्य चुना जाना तय है। नाम वापस लेने की तारीख 31 जनवरी है। उसी दिन इनके नामांकन की भी घोषणा संभव है।