- Hindi News
- शोध छात्र प्रतिनिधि को हटाने के विरोध में प्रदर्शन
शोध छात्र प्रतिनिधि को हटाने के विरोध में प्रदर्शन
भास्कर न्यूज - जयपुर
राजस्थान यूनिवर्सिटी के शोध छात्र प्रतिनिधि राकेश मीणा को हटाने के विरोध में बुधवार को छात्रों ने कुलपति सचिवालय पर नारेबाजी की। इस पर कुलपति डॉ. देवस्वरूप ने छात्रों को आश्वस्त किया कि गुरुवार शाम 4 बजे तक दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. ओम महला को बुलाकर अन्य छात्र संघ पदाधिकारियों के खर्च ब्योरे के संबंध में गुरुवार सुबह 10 बजे तक पेश करने को कहा।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह यूनिवर्सिटी के शोध छात्र प्रतिनिधि राकेश मीणा को चुनाव खर्च का ब्योरा समय पर नहीं देने के दोष में उसका चुनाव निरस्त कर दिया था। मीणा को अपने चुनाव का खर्च 24 अगस्त को चुनाव के 2 सप्ताह बाद 7 सितंबर तक देना था। लेकिन छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. महला के अनुसार मीणा ने खर्च का ब्योरा 17 अक्टूबर को दिया, जिसमें उसे तैयार करने वाले सीए के हाथ से ही तिथि 4 अक्टूबर अंकित कर रखी थी। ऐसे में वह ब्योरा समय के बाद का साबित होने पर मीणा को शोध छात्र प्रतिनिधि पद से हटाया गया। छात्रों के अनुसार मीणा को साजिश के तहत हटाया गया। कई छात्रों का कहना था कि किसी भी कॉलेज के छात्रसंघ अधिकारी ने खर्च का ब्योरा आज तक नहीं दिया है। ऐसे में उनमें से एक के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इस पर कुलपति ने पूरे यूनिवर्सिटी और कॉलेजों के छात्र प्रतिनिधियों के ब्योरे की रिपोर्ट तलब कर छात्रों को शांत किया। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को कुलपति इस पूरे मामले में दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं।