- Hindi News
- कांग्रेस नेताओं ने माना, राजस्थान में हो गया जेनरेशन शिफ्ट
कांग्रेस नेताओं ने माना, राजस्थान में हो गया जेनरेशन शिफ्ट
विशेष संवाददाता - जयपुर
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुरुदास कामत ने बुधवार को पीसीसी में साफ संकेत दिया कि पार्टी में जेनरेशन शिफ्ट की शुरुआत हो गई है। उन्होंने कहा : पार्टी संगठन और विधायक दल का नेतृत्व युवाओं को सौंप दिया गया है। पार्टी युवाओं को सामने लाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गहलोत-जोशी जैसे वरिष्ठ नेताओं का पूरा सम्मान करेगी। पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णयों में उनको भी शामिल किया जाएगा और अब तक जो निर्णय लिए गए हैं, उनमें भी उन्हें शामिल किया गया है। कामत दैनिक भास्कर के इस सवाल पर बोल रहे थे कि क्या पार्टी में जेनरेशन शिफ्ट हो गया है और क्या यह अशोक गहलोत तथा सीपी जोशी के युग की विदाई और सचिन पायलट तथा रामेश्वर डूडी जैसे युवाओं के नए युग की शुरुआत है?
प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बुधवार को कामत और पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। कामत ने हालांकि पहले कहा कि गहलोत और जोशी का युग समाप्त हो गया है, ऐसा नहीं है। इनका भी मार्गदर्शन लेंगे। कामत ने उम्मीद जताई कि पायलट और डूडी दोनों युवा नेता हैं और दोनों ही वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल करके चलेंगे। पायलट ने पार्टी में गुटबाजी की बातों को निराधार बताया और कहा कि कांग्रेस में एक ही गुट है और वह गुट सोनिया गांधी और राहुल गांधी का है। उन्होंने कहा : कांग्रेस से युवा जुडऩे लगे हैं। राहुल गांधी के कारण युवाओं को तवज्जो मिल रही है। आपको जल्द ही पार्टी में जेनरेशन शिफ्ट होता नजर आएगा।