सरसों में 20 रुपए की और गिरावट
जयपुर - कमजोर ग्राहकी और मंडियों में आवक बढऩे से शुक्रवार को सरसों सीड के हाजिर भाव 20 रुपए घटकर 3485 रुपए प्रति क्ंिवटल रह गए। इस गिरावट को वायदा बाजार एनसीडैक्स में रही मामूली नरमी का भी समर्थन मिला। मरुधर ट्रेडिंग एजेंसी के अनिल चतर के अनुसार राजस्थान में नई सरसों की आवक शुरू हो गई है, जिससे भावों पर दबाव बढ़ा है। प्रदेश में निंबाहेड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौडग़ढ़ और छोटी सादड़ी में गुरुवार को 200 से 300 बोरी की आवक रही।
सटोरिया बिकवाली से चने के भाव टूटे : चने की बेहतर फसल के अनुमानों से गुरुवार को सटोरिया बिकवाली का दौर हावी हो गया। इससे चना और इसकी दाल में गिरावट दर्ज की गई। चना 50 रुपए घटकर 2775 रुपए प्रति क्ंिवटल रह गया वहीं चना दाल भी इतनी ही गिरावट के साथ 3175 रुपए प्रति क्ंिवटल रह गई। हाजिर भावों में नरमी को वायदा बाजार में चने के फरवरी अनुबंध में बिकवाली दबाव से लगे दो फीसदी के लोअर सर्किट ने और बढ़ावा दिया।