पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एनीव्हेयर सिस्टम से रजिस्ट्री बंद करने के विरोध में उतरे वकील

एनीव्हेयर सिस्टम से रजिस्ट्री बंद करने के विरोध में उतरे वकील

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जयपुर
जिले की सांगानेर व आमेर तहसील की नई उपतहसील से जुड़े इलाकों में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग द्वारा एनीव्हेयर सिस्टम से जमीन की रजिस्ट्री बंद करने के विरोध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सहित जिले के 11 सब रजिस्ट्रार ऑफिसों में रजिस्ट्री का काम ठप रहा। वकीलों ने कलेक्ट्रेट सर्किल पर विरोध-प्रदर्शन किया।
वकीलों ने एनीव्हेयर सिस्टम से जमीन की रजिस्ट्री फिर से शुरू करने की मांग की। जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले हुए प्रदर्शन में वकीलों ने विभाग के इस फैसले पर रोष जताया। वकीलों के विरोध प्रदर्शन के कारण सब रजिस्ट्रार ऑफिसों में रजिस्ट्री का काम नहीं हो सका। वहीं न्यायिक कार्य भी ठप रहे। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। दी डिस्ट्रिक्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा व महासचिव राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में वित्त सचिव प्रवीण गुप्ता और पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग की एडीएम सुषमा अरोड़ा को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने इस मामले में पंजीयन एवं मुद्रांक आईजी को अवगत कराया।
सुनील शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार ने एनीव्हेयर सिस्टम को सीमित करते हुए केवल शहर के सबरजिस्ट्रार कार्यालयों के साथ ही आमेर, जयपुर व सांगानेर तहसील को भी इस सिस्टम से जोड़े रखने का फैसला लिया था, जबकि अब अब आमेर की नई बनी रामपुरा डाबड़ी, जाहोता व मूंडोता तथा सांगानेर की बगरू उपतहसील से जुड़े इलाके की जमीन की रजिस्ट्री केवल संबंधित उपतहसील के कार्यालय में ही की जाएगी। ऐसे में दूसरे इलाकों के रहने वाले लोगों को संबंधित उपतहसील क्षेत्र में जमीन या भूखंड खरीदने पर वहीं जाकर रजिस्ट्री करानी होगी। नई व्यवस्था आम लोगों को परेशान करने वाली है। जिले की जेडीए रीजन के अंतर्गत आने वाली आवासीय योजनाओं की रजिस्ट्री प्रक्रिया भी ऑनलाइन करनी चाहिए। वकीलों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही इस व्यवस्था को यथावत नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल को बाध्य हो जाएंगे।