रिटर्न की तारीख 10 तक बढ़ाई
जयपुर - कर सलाहकारों के भारी हंगामे के चलते वाणिज्यिक कर विभाग ने 2012-13 के लिए सालाना ऑनलाइन रिटर्न ((वैट 10-ए)) दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर 10 फरवरी कर दी। वाणिज्य कर आयुक्त संजय मल्होत्रा ने गुरुवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी। इससे करीब 70 हजार से ज्यादा कारोबारियों को राहत मिली है, क्योंकि 31 जनवरी के बाद 100 रु. रोजाना पेनल्टी लगती।
प्रदेश में ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करने वाले कारोबारियों की तादाद 2.50 लाख से ज्यादा है, लेकिन गुरुवार तक केवल 1.68 लाख रिटर्न भरे जा सके। विभाग के सर्वर की मौजूदा क्षमता के मुताबिक रोजाना 7 हजार रिटर्न भरे जा रहे हैं। तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर कर सलाहकार संघ के प्रतिनिधि गुरुवार दोपहर 1 बजे कर भवन में मल्होत्रा से मिले और सर्वर धीमे चलने की समस्या बताई। कर सलाहकार संघ के 100 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने दोपहर 3.30 बजे आयुक्त को उनके चैंबर में ही घेर लिया। करीब पौन घंटे तक चली बहस के बाद आखिर में मल्होत्रा को रिटर्न भरने की तारीख बढ़ाने का ऐलान करना पड़ा।