- Hindi News
- चंद्रभान ने कहा हां, मैं ही हूं हार का जिम्मेदार :
चंद्रभान ने कहा-हां, मैं ही हूं हार का जिम्मेदार :
भास्कर न्यूज - जयपुर
कांग्रेस के स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के सम्मेलन में पदाधिकारियों के अलग-अलग सुर थे। किसी ने संगठन को हार का जिम्मेदार बताया तो किसी ने सरकार को। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान के भाषण में कुछ पार्षद खड़े होकर विरोध तक जताने लगे। प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने अपनी बात को संतुलित रखने का प्रयास किया तो एक दिन पहले संगठन को दोषी बताने वाले प्रदेश प्रभारी गुरुदास कामत ने अपने सुर ही बदल लिए।
राजनीति में मेहनत बर्बाद नहीं जाती
चंद्रभान ने जैसे ही संगठन की बात की और कहा कि कामत साहब ने कह दिया कि संगठन ही जिम्मेदार है। मैं मानता हूं संगठन में भी कमी है। इसी दौरान कई पार्षद खड़े हो गए और बोलने लगे, आप ही हो हार के जिम्मेदार। आपने पार्टी को कमजोर कर दिया। इस पर चंद्रभान आवेश में आ गए। बोले, हां, मैं ही जिम्मेदार। हार कोई राजस्थान में ही थोड़ी हुई है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली सभी जगह तो हुई है। पूरे देश में ही पार्टी की हालत खराब है। इस पर मंच के सामने बैठे पार्षदों की पिछली कतार से आवाज आई, यहीं क्या, सभी जगह एक जैसे हैं, कार्यकर्ता क्या करे। कुछ देर नोकझोंक के बीच कार्यकर्ताओं ने पार्षदों को बैठा दिया। इसके बाद चंद्रभान बोले, मैंने तो पूरी मेहनत की थी, लेकिन राजनीति में मेहनत बर्बाद नहीं जाती।