- Hindi News
- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को लेकर संघ पार्टी में चर्चे
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को लेकर संघ-पार्टी में चर्चे
भास्कर न्यूज - जयपुर
वसुंधरा राजे के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के बाद अब नए प्रदेशाध्यक्ष को लेकर चर्चाएं गर्म हो गई हैं। भाजपा के पदाधिकारियों के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी सक्रिय हो गया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी शुक्रवार या शनिवार से जयपुर में पदाधिकारियों से फीडबैक लेंगे और इसके बाद ही इस पद के लिए उपयुक्त व्यक्ति के नाम की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा फिलहाल किसी भी धड़े का विरोध नहीं चाहती। ऐसे में लोकसभा चुनाव तक भाजपा इसी प्रकार फीडबैक लेने और चर्चाओं में निकालना चाहती है। इस स्थिति में प्रदेशाध्यक्ष का फैसला लोकसभा चुनाव के बाद भी हो सकता है। प्रदेश में वसुंधरा राजे के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता के बाद पार्टी मान रही है कि जो भी प्रदेशाध्यक्ष बनेगा, वह वसुंधरा राजे की सहमति से ही बनाया जाएगा। उधर, संघ भी चाह रहा है कि प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव उसकी सहमति से ही हो। ऐसे में भाजपा फिलहाल रिस्क लेने के मूड में नहीं लगती।
चौंकाने वाला नाम भी आ सकता है सामने
पिछले दो फैसलों के बाद माना जा रहा है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर कोई नया नाम सामने आ सकता है। विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल का नाम इस पद के लिए नहीं लिया जा रहा था। वसुंधरा राजे ने यह चौंकाने वाला फैसला किया। दूसरा चुनाव नारायण पंचारिया का था। इस नाम को लेकर कहीं चर्चा नहीं थी कि पंचारिया को राज्यसभा में भेजा जा सकता है। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष के लिए भी ऐसा निर्णय संभव है।
कप्तान सिंह सोलंकी लेंगे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से फीडबैक, नए चेहरे को मिल सकता है मौका