मोहंती के ठिकानों पर 7 घंटे सर्च अभियान
भास्कर न्यूज - जयपुर
एमबीए की छात्रा से दुष्कर्म का केस दर्ज होने के पांच दिन बाद भी पुलिस वरिष्ठ आईएस अफसर बीबी मोहंती का सुराग नहीं लगा पाई। हालांकि, सूत्रों से पता चला है कि वे अपने परिचित आईएएस अधिकारी के पास दिल्ली गए हैं। इधर, कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने गुरुवार को पीडि़ता को लेकर करीब सात घंटे तक मौका-मुआयना किया। मोहंती के सीकर रोड पर फार्म हाउस, हरमाड़ा में ईडन गार्डन रेस्टोरेंट और आइरिस अपार्टमेंट के फ्लैट की तलाशी ली और साक्ष्य जुटाए। आरोपी की घरेलू नौकरानी और सुरक्षा गार्ड के बयान भी दर्ज किए।
पीडि़ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने चेन्नई, भरतपुर, उदयपुर, गोवा, मुंबई, आगरा व अन्य जगह के होटलों का रिकॉर्ड मंगानेके लिए पुलिस ने संबंधित थानों को सूचना दे दी है।
उल्लेखनीय है कि 23 वर्षीय छात्रा ने शनिवार को इस्तगासे से महेश नगर थाने में मोहंती के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि उसे आईएएस बनाने और शादी का झांसा देकर आरोपी पिछले एक साल से दुष्कर्म कर रहा था। थाने में केस दर्ज होने के बाद मोहंती ने फोन बंद कर दिया। पूछताछ का नोटिस देने पुलिस बुधवार को मोहंती के घर गई थी, लेकिन उनकी पत्नी ने इनकार कर दिया।
॥पीडि़ता के बयानों के आधार पर घटनास्थल की जांच की जा रही है। मोहंती के विदेश जाने की बात अफवाह है और हमने अभी तक एयरपोर्ट या किसी अन्य को कोई पत्र नहीं लिखा है।
जंगा श्रीनिवास राव, पुलिस कमिश्नर जयपुर