दो सूने मकानों में चोरी
जयपुर - चित्रकूट में बुधवार को दिन दहाड़े दो सूने मकान में चोरी हो गई। दोनों मामलों की रिपोर्ट वैशाली नगर थाने में दर्ज करवाई गई है। बी ब्लॉक निवासी निर्मल श्रीवास्तव नौकरी पर गए थे। चोर इलैक्ट्रानिक सामान चुरा कर ले गए। उनके घर के सामने ही शकुंतला देवी के मकान के ताले तोड़कर चोर चांदी के जेवर और 20 चांदी के सिक्के ले गए।
शोरूम से हीरा जडि़त सोने का कड़ा चोरी: सिंधी कैंप के सामने ज्वैलरी शोरूम पेरिस पॉइंट से मंगलवार को हीरा जडि़त सोने का कड़ा चोरी हो गया। निवारू रोड निवासी वीरेंद्र सैनी ने सिंधी कैंप थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
जेएनयू के क्वार्टर में चोरी : जगतपुरा में जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक अधिकारी आनंद सिंह जूनिया के सूने क्वार्टर से चोर पैंडल सहित दो तोला सोने की चेन, पांच तोला सोने की ४ चूडिय़ां और कीमती सामान ले गए। वे संक्रांति पर गांव गए थे।