- Hindi News
- शादी की कहकर दो युवतियों को बेचने लाए, तीन गिरफ्तार
शादी की कहकर दो युवतियों को बेचने लाए, तीन गिरफ्तार
भास्कर न्यूज. जयपुर - शादी कराने की बात कहकर दो युवतियों को बेचने के लिए लेकर आए एक दंपती को ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। घाट की गूणी के एक मकान में नजरबंद दोनों युवतियों को मुक्त कराकर पुलिस ने मकान मालकिन को भी गिरफ्तार किया।
थानाप्रभारी बाबूलाल विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंद्रकांत नारायण कुलकर्णी व उसकी पत्नी है। दोनों मालेगांव, नासिक महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, जबकि तीसरी आरोपी मकान मालकिन है। गुरुवार को मकान मालकिन के नाहरसिंह बाबा बस्ती में मकान में कुछ युवतियों को नजरबंद रखने की सूचना मिली थी। रात को पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। वहां कमरों में बंद युवतियों को छुड़वाया।
जानकारी में सामने आया कि चंद्रकांत व उसकी पत्नी राजस्थान में शादी कराने का झांसा देकर दो माह पहले एक युवती यहां लेकर आए थे और सात दिन पहले दूसरी युवती को ले आए। उन्होंने मोटी रकम देकर दोनों युवतियों को मकान में ठहराया। जहां इन्हें नजरबंद रखकर प्रताडि़त भी किया गया। दोनों युवतियों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी दंपती यहां जरूरतमंद लोगों को तलाश करते हैं। फिर युवतियों से शादी करवाने की कहकर वर पक्ष से सौदा कर मोटी राशि वसूलते हैं।