- Hindi News
- सट्टेबाज और हवाला डीलरों के संपर्क में था दिल्ली का कारोबारी : पुलिस
सट्टेबाज और हवाला डीलरों के संपर्क में था दिल्ली का कारोबारी : पुलिस
नई दिल्ली - दिल्ली के लाजपत नगर में जिस कारोबारी से आठ करोड़ रुपए लूटे गए वह दुबई के हवाला डीलरों के संपर्क में था। साथ ही जयपुर, मुंबई और लंदन के क्रिकेट सट्टेबाजों से भी नियमित संपर्क
में था।
मंगलवार को राजेश कालरा से आठ करोड़ रुपए लूटे गए थे। इसमें से अधिकतर राशि कालरा की ही थी। इस मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने कालरा के कॉल रिकॉर्ड खंगाले। इनसे पता चला कि वह जयपुर, मुंबई और लंदन के क्रिकेट सट्टेबाजों और दुबई के हवाला डीलरों के संपर्क में था।
लूट के एक दिन पहले उसने दुबई में किसी व्यक्ति से 20 मिनट तक बातचीत की थी। कालरा के विंदू दारा सिंह से भी करीबी रिश्ते हैं। विंदू आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में आरोपी है।
पुलिस अब लुटेरों की तलाश के साथ ही भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट सीरीज के लिए सट्टेबाजी कर रहे गिरोह का भी पता लगा रही है। इस संबंध में मुंबई पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा। कालरा का नाम इससे पहले हैंसी क्रोन्ये मैच फिक्सिंग मामले में आ चुका है। उस वक्त दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।