पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सड़क पर मांस बिक्री, सुलभ में ज्यादा शुल्क वसूली

सड़क पर मांस बिक्री, सुलभ में ज्यादा शुल्क वसूली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर - सरकार की ओर से घोषित स्वच्छ जयपुर अभियान का जायजा लेने गुरुवार दोपहर बाद दौरे पर निकले निगम के डिप्टी मेयर, सफाई चेयरमैन, लाइट चेयरमैन और सीईओ को द्वितीय पारी की सफाई व्यवस्था में कई खामियां मिलीं। चांदपोल बाजार में थड़ी-ठेले वालों का सड़क पर अतिक्रमण, कचरा डिपो ठीक से साफ नहीं थे। न्यूगेट के सामने फुटपाथ पर कचरे के बोरे, लाइट पोल के पास खुले तार और सुलभ शौचालय में २ के बजाय 5 रु. शुल्क लिया जा रहा था। इस पर डिप्टी मेयर व सफाई चेयरमैन ने अफसरों को शीघ्र सुधार करने को कहा। दूसरी तरफ, कल्याणजी का रास्ता में खुले में मांस की बिक्री देख सीईओ जगरूप सिंह यादव अफसरों पर खासे नाराज हुए और अवैध बूचडख़ाने को नोटिस थमाया।

डिप्टी मेयर मनीष पारीक, सफाई चेयरमैन रोशन सैनी, लाइट चेयरमैन संजीव शर्मा, सीईओ जगरूप सिंह यादव और हेल्थ कमिश्नर सांवरमल मीणा ने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बाद दौरा शुरू किया। वे चांदपोल, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, चौड़ा रास्ता होते हुए न्यू गेट से गवर्नमेंट हॉस्टल तक गए। रैन बसेरे की व्यवस्थाएं देखीं। पहले दिन चार जोन में दौरा किया। शुक्रवार को दोपहर बाद शेष चार जोन का निरीक्षण होगा।

शहर में सफाई नहीं हो तो शपथ पत्र पेश करें

हाईकोर्ट ने 31 मई, 2012 के आदेश से नगर निगम को वन टायर सिस्टम लागू करने, हर घर से कचरा इकट्ठा करने, गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए मोबाइल कोर्ट स्थापित करने के निर्देश दिए थे। इनका पालन नहीं करने संबंधी याचिका पर हाईकोर्ट ने प्रार्थी से कहा- सफाई नहीं हो रही तो वह शपथ पत्र पेश कर आपत्ति बताए।

सफाई का निरीक्षण करते डिप्टी मेयर व सीईओ।

॥शहर का पहला राउंड लिया है। मुख्य मार्गों में तो सफाई सही है, लेकिन गलियों में हाल खराब हैं। उन्हें सुधारने को कहा गया है। फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। -मनीष पारीक, डिप्टी मेयर

॥परकोटा क्षेत्र के अलावा बाहरी बाजारों में कई जगह सफाई व्यवस्था ठीक थी। गलियों में अतिरिक्त संसाधन लगाकर एक-दो दिन में सफाई दुरुस्त की जाएगी।

-जगरूप सिंह यादव, सीईओ, नगर निगम



स्वच्छ जयपुर अभियान

निगम के डिप्टी मेयर व सीईओ ने किया चार जोन का दौरा, कई खामियां मिलीं