केमिकल का टैंकर ट्रक में घुसा
सिकराय - जयपुर-आगरा नेशनल हाइवे पर बुधवार शाम सीकरी मोड के समीप केमिकल से भरे अनियंत्रित टैंकर ने बांस से भरे ट्रक को टक्कर मार दी। जिससे टैंकर चालक बुरी तरह फंस गया। जिसे पुलिस व ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकालकर उपचार के लिए 108 की सहायता से राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से जयपुर रेफर कर दिया।
शाम करीब 4:30 बजे सीकरी मोड के समीप आसाम से बांस लेकर जयपुर की तरफ जा रहे ट्रक के पीछे लहराते हुए आए केमिकल से भरे टैंकर ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रक हाइवे से नीचे कूद गया। दुर्घटना में टैंकर चालक चरणजीत सिंह निवासी गुरदासपुर पंजाब बुरी तरह से फंस गया। जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चद्दर काटकर बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। चालक की गंभीरावस्था को देखते हुए डॉक्टरों ने जयपुर रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद हाइवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित हुआ।