अवैध अंग्रेजी शराब सहित दो गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - दूदू
पुलिस ने बुधवार देर शाम जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर एक ट्रोला व एक ट्रक में अवैध रूप से ले जाई जा रही हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब व बीयर के 2484 पेटियां जब्त कर दोनों वाहन चालकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उन्हें एस्कॉर्ट कर चल रहे शराब गिरोह के सदस्य पुलिस को देखकर भाग गए। जब्त शराब की बाजार में करीब एक करोड़ रुपए कीमत आंकी गई है।
एएसपी कल्याणमल मीणा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक ट्रोला व एक ट्रक में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है और दोनों वाहन सावरदा के पास मिश्रा होटल व ओरो मा होटल पर खड़े हैं। पुलिस उपाधीक्षक राजपाल सिंह व सब इंस्पेक्टर महावीर प्रसाद के नेतृत्व में टीम का गठन कर मौके पर रवाना किया गया। पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को होटलों से रवाना होते ही रोक लिया और चालकों से पूछताछ की तो उनमें कपड़ा भरे होने की जानकारी दी। जब बिल्टी देखी तो उसमें भी कपड़ा होना मिला। शक होने पर जब दोनों वाहनों के तिरपाल को हटाकर तलाशी ली गई तो उनमें भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड की हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब व बीयर की पेटियां मिली। पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर चालक पूनाराम पुत्र माना राम जाट निवासी बिसानोया ((बीकानेर)) व खीयाराम पुत्र नारायणराम जाट निवासी जाखड़ों की ढाणी ((बाड़मेर)) को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी कालूराम मीणा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों चालकों से उन्हें एस्कॉर्ट कर रहे लोगों सहित गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है।