ड्राई-डे पर पकड़ी शराब
झुंझुनूं . आबकारी विभाग ने गणतंत्र दिवस पर ड्राई-डे के दौरान शराब बिक्री के चार मामले पकड़े हैं।इन मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है।जिला आबकारी अधिकारी नूर मोहम्मद ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरीक्षक सरदार सिंह व पीओ मदनलाल को उदयपुरवाटी के भैरूघाट इलाके में भेजा गया।वहां एक बंद खोखे में बीयर की 23 बोतल, अंग्रेजी शराब के 63 पव्वे व देशी शराब के 184 पव्वे बरामद किए गए। उक्त शराब ड्राई-डे पर बेचने के लिए रखी गई थी। इसी प्रकार गुड़ा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान के निकट एक बंद कमरे में अंग्रेजी शराब के 182 पव्वे, बीयर की 72 बोतल और देशी शराब के 132 पव्वे बरामद किए गए।टोडपुरा में हीरालाल मीणा के कब्जे से हथकढ़ शराब की दो बोतल बरामद की गई। आबकारी थाना चिड़ावा के काकोड़ा गांव में लखुसिंह राजपूत के मकान से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 62 पव्वे बरामद किए गए।आबकारी पुलिस चारों मामलों की जांच कर रही है।
इधर, कोतवाली पुलिस ने ड्राई-डे पर शराब बेचने के चार मामले पकड़े हैं।सीआई अश्वनी कुमार शर्मा के मुताबिक एएसआई धर्मपाल ने दबिश देकर वार्ड एक मुकुंदगढ़ के ताराचंद पुत्र श्यामसुंदर कुमावत के कब्जे से सादा देशी मदिरा के 20 पव्वे जब्त किए।इसी प्रकार एसआई सूबेसिंह ने कांकरिया ((खेतड़ी)) के नरेश सिंह पुत्र रामदेव सिंह के कब्जे से देशी शराब के 19 पव्वे तथा एचसी युसूफ अली ने हनुमानपुरा के बूंटीराम पुत्र सरदाराराम के कब्जे से देशी शराब के 22 पव्वे जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मंड्रेला थाने के एचसी उम्मेदसिंह ने दबिश देकर बिसाऊ के दिलीप पुत्र रामनिवास के कब्जे से देशी शराब के 60 पव्वे जब्त किए। आरोपी को आबकारी अधिनियम में गिरफ्तार कर लिया गया।
- - -