कलेक्टर के आदेश से भी नहीं रुके डंपर
भास्कर न्यूज - खेतड़ी
कलेक्टर द्वारा डंपरों के संचालन पर रोक के आदेश देने के बाद भी क्षेत्र में धड़ल्ले से दिनभर डंपर चलते हैं। जानकारी के अनुसार विगत दिनों जिला कलेक्टर ने क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक डंपरों के संचालन पर रोक लगा दी थी।
क्षेत्र में आदेश का दो दिन तक तो असर दिखा लेकिन उसके बाद व्यवस्था पुरानी पटरी पर लौट आई तथा अब डंपर दिनभर चलने लग गए हैं। मंगलवार को खेतड़ी के मुख्य बस स्टैंड पर डंपरों के कारण दिन में दो बार घंटे भर तक जाम लगा। उधर डंपरों के संचालन को लेकर खेतड़ी सीआई बृजमोहन असवाल का कहना है कि जिला कलेक्टर ने केवल ओवरलोड डंपरों पर रोक लगाई है, खाली डंपरों को रोकने का किसी प्रकार का आदेश नहीं है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दिन में जो भी ओवरलोड डंपर मिलता है उस पर कार्रवाई हो रही है।