- Hindi News
- उदयपुर में कालबेलिया डांसर की ओसियां के युवक ने की हत्या
उदयपुर में कालबेलिया डांसर की ओसियां के युवक ने की हत्या
उदयपुर - घंटाघर थाना क्षेत्र के दूधतलाई पर गुरुवार शाम साढ़े बजे जोधपुर के युवक ने चाकू से गोदकर कालबेलिया डांसर युवती की हत्या कर दी। युवक उससे दोस्ती करना चाहता था और युवती राजी नहीं थी। युवक को लोगों ने पकड़कर पीट दिया, फिर पुलिस को सौंप दिया।
एसएचओ नाथू सिंह ने बताया कि अस्सी फीट रोड निवासी रेखा ((21)) पुत्री भीख नाथ कालबेलिया लोक नृत्य कलाकार थी। वह 10 साल से शहर के नामी होटलों में परफॉर्मेंस देने से जुड़ी थी।इसी काम के चलते वह शाम चार बजे घर से निकली। टेम्पो से दूधतलाई किनारे पहुंचकर वह उतरी। तभी ओसियां ((जोधपुर)) निवासी दिलीप नाथ ((25)) पुत्र पारस नाथ आ गया। उसने युवती को रोककर जबरन बात करना शुरू किया। युवती ने विरोध किया तो दिलीप ने चाकू निकालकर दनादन वार कर दिया। पीठ, पेट सहित आठ से दस जगह हुए वार से लहू-लुहान होकर युवती निढाल हो गई। हमले के बाद दिलीप भागने लगा, जिसे आस-पास मौजूद लोगों ने घेरकर पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिस पहुंच गई। लोगों ने आरोपी युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायल युवती को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब साढ़े छह बजे उसकी मौत हो गई।
डर से भाग गईं साथी कलाकार युवतियां
परिजनों ने बताया कि घटना के समय रेखा के साथ उसकी दो साथी कलाकार भी थीं। तीनों टेम्पो में बैठी थी। घटना के समय युवती को छोड़कर दोनों साथी कलाकार डर से मौके से भाग गईं।