- Hindi News
- शहर में तीन दिन तक कोहरा छाए रहने की संभावना
शहर में तीन दिन तक कोहरा छाए रहने की संभावना
काजरी के मौसम विभाग के अनुसार सर्दी का असर बढ़ेगा, फसलों में खराबे की आशंका
जोधपुर - शहर मंगलवार रात से बुधवार दोपहर डेढ़ बजे तक कोहरे की आगोश में लिपटा रहा। काजरी के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी तीन दिन तक यहां पर ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। हालांकि बादलों की आवाजाही रहेगी। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव संभव है। उधर, कोहरे के चलते फसलों में रोग लगने की आशंका है। जोधपुर शहर में बुधवार दोपहर डेढ़ बजे तक दस से पंद्रह फीट की दूरी तक कोहरा छाया हुआ था। इससे वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। सुबह दस बजे तक स्थिति ऐसी थी कि गाडिय़ों की हैड लाइट जलानी पड़ रही थी। उधर, तापमान में गिरावट से सर्दी का असर बढ़ गया। दोपहर में सूर्यदेवता बादलों की ओट से निकल गए और मौसम साफ हो गया।
तापमान 11 डिग्री के आसपास रहेगा
काजरी के मौसम विशेषज्ञ डॉ.सुरेंद्र पूनिया ने अनुसार शहर में आगामी तीन दिन तक न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहेगा। हवा 2 से 4 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उतर- पूर्वी दिशा में चलने की संभावना है। कृषि विभाग के उपनिदेशक महेश चजेरा ने बताया कि बादल, कोहरे और ठंड के कारण जीरा, ईसबगोल सहित अन्य फसलों को बीमारियां लगने की संभावना है।