- Hindi News
- एंबुलेंस नहीं सिर्फ यात्री वाहन हो चुकी है ‘108’ : शेखावत
एंबुलेंस नहीं सिर्फ यात्री वाहन हो चुकी है ‘108’ : शेखावत
भास्कर न्यूज - जोधपुर
शहर में चलने वाली 108 एंबुलेंस इन दिनों केवल मरीजों को लाने-ले जाने का साधन मात्र बन चुकी हैं। गंभीर हालत में होने के बावजूद कई घायलों को ऑक्सीजन या अन्य आपातकालीन चिकित्सा सेवा नहीं मिल पाती है और इसके परिणामस्वरूप कई लोगों की जान तक चली जाती है, जबकि समय रहते चिकित्सा मिलने पर उनकी जान बचने की गुंजाइश रहती है। इन्हीं तथ्यों के साथ भास्कर में गुरुवार के अंक में प्रकाशित खबर को आधार बनाते हुए 108 आपातकालीन सेवा कर्मचारी एकता यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्रसिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है। शेखावत के अनुसार जोधपुर शहर में 108 एंबुलेंस सेवा की स्थिति नाजुक है। बदहाल वाहनों की वजह से यहां हर वक्त एंबुलेंस से हादसा होने की आशंका भी बनी हुई है, लेकिन सेवा प्रदाता कंपनी और स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।