- Hindi News
- मुख्य न्यायाधीश अधीनस्थ न्यायालयों को हाईकोर्ट के नए परिसर में शिफ्ट करने के पक्ष में
मुख्य न्यायाधीश अधीनस्थ न्यायालयों को हाईकोर्ट के नए परिसर में शिफ्ट करने के पक्ष में
भास्कर न्यूज - जोधपुर
राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अमिताव रॉय ने झालामंड में नवनिर्मित भवन में हाईकोर्ट शिफ्ट करते समय अधीनस्थ अदालतों को भी वहीं शिफ्ट करने पर सहमति जताई है। उन्होंने गुरुवार को हाईकोर्ट परिसर में आयोजित राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि अधीनस्थ न्यायालयों को भी हाईकोर्ट के साथ ही झालामंड स्थित परिसर में शिफ्ट करने के संबंध में काफी काम हो चुका है, इस कार्य में हम आगे बढ़े हैं। गौरतलब है कि पूर्व में हाईकोर्ट के नए भवन में शिफ्ट किए जाने की घोषणा के बाद ट्रायल कोर्ट की शिफ्टिंग की मांग को लेकर अधिवक्ता दो धड़ों में बंट गए थे। हाल में इस मांग ने दुबारा जोर पकड़ा है।
सीजे रॉय ने अपने संबोधन में कहा कि यह समय न्यायिक व्यवस्था के लिए चुनौती का समय है और इसमें अधिवक्ताओं की महती भूमिका है। उन्होंने बताया कि हाल में अधिवक्ताओं की मदद से राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान ढाई लाख से अधिक मुकदमों का निस्तारण किया गया था। दूसरी ओर फौजदारी मुकदमों के निस्तारण के मामले में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। समारोह को हाईकोर्ट के न्यायाधीश गोविंद माथुर व गोपालकृष्ण व्यास ने भी संबोधित किया। शपथ ग्रहण से पहले अतिथियों ने अधिवक्ताओं के नवनिर्मित चैंबर्स का उद्घाटन किया।