नई डगर पर चलें महिला बंदी
जोधपुर - संभागीय आयुक्त हेमंत गेरा ने कहा कि महिला बंदियों के उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण की जरूरत है। इसके लिए प्रशासन के साथ एनजीओ को भी आगे आना होगा। उन्होंने ये विचार शुक्रवार को केंद्रीय कारागृह की महिला जेल में सारथी ट्रस्ट, एसबीबीजे व भामाशाह श्याम कुंभट के प्रोजेक्ट ‘नई डगर’ के शुभारंभ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने महिला बंदियों को कड़ी मेहनत, लगन और नियोजन से नए मुकाम बनाने की सीख दी और महिला जेल में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया।
एसबीबीजे के तीनों संभाग के महाप्रबंधक अजय नकी़ब ने अध्यक्षीय उद्बोधन में महिलाओं को शिक्षित और रोजगारपरक प्रशिक्षित होने पर बल दिया। जेल अधीक्षक राकेश शर्मा ने कहा कि महिलाओं के हुनर को बेहतर तरीके से तराशने की जरूरत है। ट्रस्ट की कृति भारती ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस दौरान महिला बंदियों ने कविता व नृत्य की प्रस्तुति दी।