- Hindi News
- शास्त्री सर्किल पर दुकान ६.६२ लाख वर्ग मीटर की दर से बिकी
शास्त्री सर्किल पर दुकान ६.६२ लाख वर्ग मीटर की दर से बिकी
भास्कर न्यूज - जोधपुर
शास्त्री सर्किल पर फूड कोर्ट में एक दुकान ६.६२ लाख रुपए वर्गमीटर की दर से बिकी। संभवत: जोधपुर में यह सबसे महंगी नीलामी है। जोधपुर में फूड कोर्ट के लिए १७ दुकानें बनी हैं। जोधपुर विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को दुकानों की बोली शुरू की। दुकान नंबर 5,7 व 10 की नीलामी अरुण सूर्या, घनश्याम सोनी व किशनलाल गोयल के नाम छूटी। नीलामी में 6.90 मीटर की दो दुकानें 6 लाख 62 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर की बोली में छूटी। जेडीए ने पहले दिन तीन दुकानों को बेचकर 1 करोड़ 28 लाख 31 हजार 580 रुपए की आय अर्जित की। नीलामी से जेडीए को 6 से 7 करोड़ की आय होने का अनुमान है। दुकानों को लेने के लिए शहर के जाने-माने लोग चार घंटे से ज्यादा समय तक डटे रहे।
शेष - पेज १९
दुकानों को नीलामी में बेचने के लिए दोपहर ढाई बजे बोली शुरू होनी थी, लेकिन लोग सुबह 11 बजे से ही जुटने लगे थे। फूड कोर्ट में बनी 17 दुकानों को लेने के लिए लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। नीलामी में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। जेडीए ने शुक्रवार को नीलामी के पहले दिन शास्त्री सर्किल स्थित फूड कोर्ट की 17 में से तीन दुकानें बेची।
जयपुर में १.५५ लाख रुपए वर्ग मीटर में बिका था भूखंड
इससे पहले जयपुर में ८ जनवरी को १.५५ लाख वर्ग मीटर की दर से बाईस गोदाम में भूखंड नीलाम हुआ था। ४७२२ वर्ग मीटर साइज का यह भूखंड ७७.३३ करोड़ में बिका था। बताया जाता है कि जयपुर में प्रदेश की सबसे महंगी दर पर नीलामी थी।
13 साल पहले कियोस्क 8 हजार में आवंटित हुआ था
करीब 13 साल पहले तत्कालीन सरकार ने शिक्षित बेरोजगार युवकों के लिए शहर में 300 से ज्यादा कियोस्क बनाकर आवंटित करने की योजना बनाई थी। शहर के प्रमुख और पॉश कॉलोनियों में ये कियोस्क बनाए गए। इन कियोस्क को तत्कालीन यूआईटी ने 8 हजार रुपए लेकर आवंटित किया था, लेकिन 13 साल बाद शास्त्री सर्किल पर कियोस्क के बराबर की एक दुकान 40 लाख रुपए में बेची है।
नाले पर 30 लाख 21 हजार में बिकी थी एक दुकान
पौने चार साल पहले जेडीए ने मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित नाले पर एक दुकान 30 लाख 21 हजार रुपए बेची थी। यहां जेडीए ने 20 लाख रुपए से न्यूनतम बोली शुरू कर 30 लाख 21 हजार रुपए में नीलामी बोली छोड़ी थी।
निगम ने एक दुकान 47 लाख 11 हजार में बेची थी
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड प्रथम पुलिया स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय के समीप नाले पर नगर निगम ने तीन साल पहले ही एक दुकान नीलामी में बेची थी। निगम ने यह दुकान 47 लाख 11 हजार रुपए में बेची थी। हाईकोर्ट के पीछे बलदेव राम मिर्धा सर्किल से नागौरी गेट रोड के किनारे पर तीन दुकानों को नीलामी में सिर्फ 53 लाख 36 हजार में ही बेच दी थी।
एक दुकान की बोली नहीं छूटी
दोपहर बाद एक और दुकान की बोली अरुण सूर्या के नाम छूटी। जेडीए के उपायुक्त सावन कुमार, लेखाधिकारी केवलचंद गहलोत, नीलामी शाखा के अमरदीप दुबे व प्रदीप चौधरी ने विधिक रूप से बोली छुड़वाई, लेकिन एक अन्य बोली दाता ने आकर इस बात की आपत्ति जताई कि वह बोली बढ़ाने वाला था कि अफसरों ने बोली जान बूझकर छोड़ दी। इसके बाद इस दुकान को बेचने का फैसला नीलामी कमेटी को सौंप दिया गया।